यूक्रेन को युद्ध की तबाही से उबरने और पुनर्निर्माण के लिए अगले एक दशक के दौरान लगभग 588 अरब डॉलर की रकम की आवश्यकता होगी क्योंकि आवास, ऊर्जा और अन्य अहम क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे, लगातार रूसी सेनाओं के हमलों में निशाना बनाए जा रहे हैं। एक संयुक्त आकलन में कहा गया है कि यह रक़म वर्ष 2025 में देश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का लगभग तीन गुना ज़्यादा है।
यह आकलन संयुक्त राष्ट्र, विश्व बैंक, यूक्रेन सरकार और योरोपीय आयोग ने संयुक्त रूप से जारी किया है जिसका नाम है Rapid Damage and Needs Assessment (RDNA5)। यह आकलन यूक्रेन पर रूस के पूर्ण स्तर के आक्रमण के चार वर्ष होने के अवसर पर जारी किया गया है जो 24 फ़रवरी को पांचवें वर्ष में दाख़िल हो रहा है। यूक्रेन में युद्ध से हुई हानि का स्तर अब लगभग 195 अरब डॉलर तक पहुंच गया है जो फ़रवरी 2025 में जारी आकलन में 176 अरब डॉलर बताया गया था।
यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने तत्काल और बिना शर्त युद्धविराम को दीर्घकालिक शान्ति की स्थापना के लिए प्रथम क़दम क़रार दिया है। उन्होंने कहा है, यह विनाशकारी युद्ध, हमारी सामूहिक चेतना पर एक कलंक है और क्षेत्रीय व अन्तरराष्ट्रीय शान्ति व सुरक्षा क लिए एक ख़तरा है।
RDNA5 नामक इस नवीन आकलन में फ़रवरी 2022 से दिसम्बर 2025 तक की अवधि के दौरान हुए विनाश का जायज़ा लिया गया है। पुनर्निर्माण के लिए जिन क्षेत्रों में सबसे ज़्यादा संसाधनों की ज़रूरत होगी, उनमें प्रमुख हैं (परिवहन) 96 अरब डॉलर से अधिक, ऊर्जा (लगभग 91 अरब डॉलर, आवास) लगभग 90 अरब डॉलर।
वाणिज्य और उद्योग क्षेत्र को बहाल करने में क़रीब 63 अरब डॉलर की रक़म की ज़रूरत होगी, जबकि कृषि क्षेत्र की बहाली पर लगभग 55 अरब डॉलर की लागत आने का अनुमान व्यक्त किया गया है। विस्फोटक जोखिम प्रबन्धन और मलबे को हटाने के कार्य में लगभग 28 अरब डॉलर का ख़र्च आने का अनुमान है।
महत्वपूर्ण अवसंरचना पर हमले के बाद कीव में एक गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त औद्योगिक भवन पर यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा के अग्निशमन कर्मियों ने पानी छिड़का।
कौनसे क्षेत्र बने हैं सर्वाधिक निशाना
सबसे अधिक विनाश, आवास, परिवहन और ऊर्जा क्षेत्र को हुआ है।
रूस ने इन सर्दियों के दौरान तापमान के रिकॉर्ड नीचे जाने के दौरान यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र पर हमले बढ़ाए हैं। परिणामस्वरूप पिछले आकलन के बाद से विनाश और विध्वंस के शिकार हुए ठिकानों की संख्या में 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। साझीदारों का कहना है कि निजी क्षेत्र भी असाधारण रूप से बाधित हुआ है फिर यही क्षेत्र पुनर्बहाली और पुनर्निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। योरोपीय संघ की विस्तार आयुक्त मार्टा कॉस का कहना है कि रूस का आक्रमण यूक्रेन में विनाशकारी प्रभाव जारी रखे हुए है।
उन्होंने कहा कि योरोपीय संघ, यूक्रेन में पुनर्निर्माण और पुनर्बहाली में समर्थन देने के लिए अहम भूमिका निभाता रहेगा, जिसमें कुछ निजी निवेश को आकर्षित करना और ऐसे सुधारों को प्रोत्साहन देना भी शामिल होगा जो निवेश को आकर्षित करें और यूक्रेन को योरोपीय संघ की सदस्यता के निकट पहुंचाएं।
यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र के रैज़िडैंट और मानवीय समन्वयक मैथियास श्माले ने ज़ोर दिया कि देश की पुनर्बहाली में आम लोगों को केन्द्र में रखा जाना होगा।
उन्होंने कहा, यूक्रेन की सबसे मूल्यमान सम्पदा वहां के लोग हैं। वापस लौटने वाले शरणार्थी, पूर्व सैनिकों का समाज में एकीकरण और महिला श्रम बल की शिरकत, देश की आर्थिक पुनर्बहाली को आकार देने में उतनी ही अहम भूमिका निभाएंगे जितना धन के प्रवाह और बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण का योगदान होगा। पुनर्बहाली मानव-केन्द्रित और समुदाय आधारित होनी चाहिए।