1. मनोरंजन
  2. टीवी
  3. आलेख
Written By समय ताम्रकर

यह प्यार न होगा कम : नया धारावाहिक

ये प्यार न होगा कम
PR

‘बिग बॉस’ खत्म होने के बाद उसकी जगह लेने कलर्स पर दो नए धारावाहिक ‘यह प्यार न होगा कम’ और ‘लागी तुझसे लगन’ आरंभ होने जा रहे हैं।

‘यह प्यार न होगा कम’ एक प्रेम कहानी है, जो जातिवाद की पृष्ठभूमि पर बनी है। कहानी में एक शहर दिखाया गया है जहाँ अंतरजातीय संबंधों और शादियों को ठीक नहीं माना जाता।

अहीर और लहर के प्रेम की कहानी जातियों की राजनीति और सामाजिक वर्गों के अंतरों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ब्राह्मण के बेटे अहीर को कायस्थ की बेटी लहर से प्यार हो जाता है। वे शादी करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें अपने परिवार और समाज से संघर्ष करना पड़ता है। इसकी कहानी ‘प्यार अंधा होता है’ कहावत को चरितार्थ भी करती है और जाति के बारे में लोगों के संकीर्ण विचारों को भी रखती है।

इस धारावाहिक का निर्माण ‘क्रिएटिव आई’ ने किया है। इस प्रोडक्शन हाउस के प्रमुख धीरज कुमार धारावाहिक के बारे में कहते हैं ‘इस धारावाहिक की कहानी हर उस व्यक्ति की कहानी है जिसने अपनी जाति से बाहर के शख्स से प्यार किया है। एक समाज के रूप में हम आधुनिक युग में प्रवेश कर चुके हैं और पश्चिमी दुनिया के कदमों साथ कदम मिला रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद हमारी सोच अभी भी पुरानी है जिसके मुताबिक ऐसे संबंध वर्जित माने जाते हैं। हमारा धारावाहिक ऐसे अनेक प्रेमियों की कहानी को आगे लाता है जिन्हें अपने परिवारों से और समाज से नफरत का सामना करना पड़ता है।

गौरव खन्ना और यामी गौतम ने इस धारावाहिक में प्रमुख भूमिका निभाई है। 28 दिसंबर से रात 9 बजे प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार यह धारावाहिक कलर्स चैनल पर देखा जा सकेगा।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें