1. मनोरंजन
  2. टीवी
  3. आलेख
Written By अनहद

जनमपत्री को जूता मारेंगी राखी?

राखी सावंत
PR
अपने अभिनय से कम और बड़बोलेपन से ज्यादा पहचानी जाने वाली राखी बहुत-सी बातें बिलकुल साफ-साफ बोलती हैं। उनके दिमाग में यह साफ है कि जवानी चार दिन की है। इस चार दिन की जवानी में जितने लटके-झटके दिखा सकते हैं, दिखा लेने चाहिए। जितना पैसा कमा सकते हैं, कमा लेना चाहिए। जवानी ढलने पर कोई पूछने वाला नहीं। अपने ये सुविचार राखी कई बार चैनलों पर अपने मुखारविंद से उजागर कर चुकी हैं।

ऐसे में किसी को भरोसा नहीं कि राखी सावंत टीवी शो के मार्फत अपना दूल्हा चुनने जा रही हैं। कोई नहीं मानने वाला कि राखी सावंत जो स्वयंवर रचा रही हैं, उसके अंत में वे शादी कर ही लेंगी। राखी सावंत की महत्वाकांक्षाएँ बहुत बड़ी हैं।

सब जानते हैं कि शो बिजनेस में शादीशुदा महिला की कोई वकअत नहीं है। जिस शो बिजनेस में महिलाएँ अपनी शादी छुपाती हैं, वहाँ एक आइटम गर्ल टीवी के मार्फत दूल्हा चुने और उससे शादी कर ले, यह असंभव है। फिर करने वाली है भी कौन? राखी सावंत! एकदम नामुमकिन। राखी सावंत की बजाय कोई और लड़की होती तो यकीन आ जाता, मगर राखी सावंत पर कभी नहीं।

लोगों के विश्वास से खेलना काठ की हांडी को आग पर चढ़ाने जैसा है। एक बार तो हांडी चढ़ सकती है, पर दोबारा वो हांडी हल्की-सी भी आँच नहीं सह सकती। स्वयंवर रचाने वाला टीवी चैनल दरअसल मजबूर था। किसी नई लड़की को शो में लिया जाता, तो लोगों में रुचि ही नहीं बनती। कोई भी जमी हुई लड़की का दिमाग खराब नहीं कि इस तरह का शो करे। अगर शो सच्चा है, तो लड़की को किसी से भी शादी करनी पड़ सकती है। शो अगर झूठा है, तो लड़की की इमेज खराब होती है। इस तरह का कौतुक केवल राखी ही कर सकती हैं।

सो, एनडीटीवी इमेजिन पर शुरू होने वाला राखी का यह रियलिटी शो अपने पहले कदम से ही झूठ है। शायद ही कोई टीवी रियलिटी शो इतना पक्का झूठा हो, जितना यह है। शायद ही कोई टीवी शो अपने पहले अंक से इतना अविश्वसनीय रहा होगा जितना यह रहने वाला है।

स्वयंवर रचाना यूँ भी सामंती ढकोसला है। जिन शर्तों को पूरा करने की बात की जाती है, वे शर्तें कोई भी पूरी कर सकता है। अंत में लड़की को उससे भी विवाह करना पड़ता होगा जिसे वह सबसे कम चाहती होगी। इस अनोखे गेम शो में लोगों की दिलचस्पी यह जानने में तो रह सकती है कि स्वयंवर में राखी कौन-कौन-से धतकरम लड़कों से करवाती हैं, पर यह जानने में किसी की दिलचस्पी नहीं कि अंत में क्या होगा।

सबको पता है कि राखी सावंत इस तरह शादी नहीं करने वालीं। अगर कर लेंगी तो अपनी जनमपत्री को जूता मारने वाली बात हो जाएगी।

(नईदुनिया)

लेखक के बारे में
अनहद