‘बिग बॉस’ के घरवालों ने इस बार घर से निकालने के लिए राहुल महाजन और राखी को चुना। ये दोनों वाचाल और इस शो की जान हैं। ‘उनके बिना ‘बिग बॉस’ का घर सूना हो जाएगा क्योंकि दोनों ही दर्शकों को मनोरंजन प्रदान करते हैं। ये जुल्फी, एलिना और राजा जैसे नहीं हैं, जो बिलकुल चुपचाप बैठे रहते हैं। असल में बिग बॉस वाले भी नहीं चाहते होंगे कि राजा या राखी इतनी जल्दी घर से बाहर जाएँ, लेकिन अब एक को बाहर जाना होगा।
यह इस शो की मजेदार बात है कि लगातार अपने प्रतिद्वंद्वियों के साथ दोस्त जैसे रहो और नॉमिनेशन के समय अपना बदला ले लो। आपको न चाहते हुए भी दो व्यक्तियों के नाम चुनना पड़ते हैं और बुरा बनना पड़ता है।
इस तरह के शो में ग्रुपबाजी का खतरा अक्सर उत्पन्न हो जाता है और यह खेमेबाजी अब इस शो में दिखाई देने लगी हैं। राहुल, राखी, पायल, मोनिका एक तरफ हैं तो राजा, आशुतोष, संभावना दूसरी तरफ। जुल्फी, केतकी, एहसान कुरैशी और ऐलिना न्यूट्रल हैं।
एक तरफ मुंबई में रहने वाले लोग हैं, जिन्हें सेलिब्रिटी कहा जाता है तो दूसरी तरफ उत्तर भारत के लोग हैं। एक जैसे खान-पान और स्थान में रहने वाले लोग के बीच मेल-जोल बढ़ ही जाता है। राहुल का नाम ज्यादातर लोगों ने लिया। राहुल के रंगीन मिजाज को उसके साथी बर्दाश्त नहीं कर पाए क्योंकि वे अपना ज्यादातर समय लड़कियों के कमरे में बिताते हैं। पायल के अलावा वे मोनिका को भी पसंद करते हैं।
पायल के दिल में राहुल के लिए साफ्ट कॉर्नर है क्योंकि जब नॉमिनेशन में राहुल का नाम आया तो पायल की आँखों से आँसू निकल आए। उन्होंने कहा कि राहुल सीधा-सादा और बेवकूफ है।
मोनिका से राहुल नजदीकियाँ बढ़ा रहे हैं और मोनिका इससे घबरा रही हैं। उनके पास दो कारण हैं। एक तो पायल को बुरा नहीं लग जाए और दूसरा वे अपनी इमेज सुधारने के लिए इस कार्यक्रम में शामिल हुई हैं। इससे उनकी छवि और खराब हो सकती है।
राखी, राहुल के साथ नजदीकी के चलते बाहर जाने वालों की होड़ में शामिल हो गई। उन्होंने संभावना को कोई लिफ्ट नहीं दी और संभावना ने उनके खिलाफ दूसरे प्रतियोगी के कान भरें।
अब फैसला दर्शकों के हाथों में हैं। वे किसे बाहर करते हैं। राजनीति में राहुल के दुश्मन बहुत हैं। वे भी जमकर वोटिंग कर सकते हैं। कुछ सोचेंगे कि राहुल को जल्दी बाहर कर देना चाहिए क्योंकि वे लोकप्रिय हो रहे हैं। वही दूसरी ओर कुछ यह मान सकते हैं कि उन्हें बिग बॉस के घर के अंदर ही रहने देना चाहिए क्योंकि वे अपनी हरकतों से बदनाम हो रहे हैं।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें