1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. शेयर बाजार
Written By वार्ता
Last Modified: नई दिल्ली (वार्ता) , रविवार, 5 अगस्त 2007 (18:36 IST)

चना-गेहूँ ढीला, चीनी नरम

जिंस बाजार खाद्य-तेल
स्थानीय थोक जिंस बाजार में बीते सप्ताह सुस्त कामकाज में खाद्य-तेल, चना और गेहूँ ढीले रहे। चीनी में स्थिरता थी। सप्ताह के दौरान मौसम खराब होने से गतिविधियाँ प्रभावित रहीं।

तेल-तिलहन आगामी त्यौहारी मौसम के दौरान खाद्य-तेलों की कीमतों को काबू रखने के लिए सरकार दामों पर बराबर निगाह रखे हुए है।

सरकार ने इस उद्देश्य से हाल ही में सीमा शुल्क में कमी की थी और इसका खास फायदा नहीं मिल सका। अब ऐसी चर्चा है कि सरकार दामों को ब्रेक लगाने के लिए तेल आयात कर कम दामों पर इसे बेच सकती है। इसे देखते हुए वायदा बाजार भी ढीले दिखे।

मलेशिया में पामोलीन के दामों में नरमी का रुख था, किंतु शिकागो बाजार में सोयाबीन मजबूत बना रहा।

कारोबारियों का कहना है कि सरसों तेल में नरमी का रुख मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल की तरफ से इसकी माँग कमजोर होने से है। सप्ताहांत सरसों तेल 5010 रुपए पर 40 रुपए प्रति क्विंटल नीचे आया।

बिनौला तेल 100 रुपए और मूँगफली 300 रुपए गिरकर 7500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। चावल छिल्का में 4400 रुपए पर 200 रुपए और सोयाबीन डीगम में 4850 रुपए पर 50 रुपए निकल गए। पाम ऑयल 4950 रुपए पर स्थिर और गेहूँ में आवक अच्छी रहने और मिलों का उठाव कमजोर पड़ने से 1015-1020 रुपए पर 20 रुपए प्रति क्विंटल निकल गए।

मैदा में 1180-1190 रुपए पर 20 रुपए प्रति बोरी का मंदा आया। आटा और रवा-सूजी पहले के स्तर पर टिके रहे।

बिहार में भारी बाढ़ को देखते हुए मक्का का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका से इसके भाव मजबूत बताए गए। चावल भी मजबूत है। साठी और परमल की नई आवक बनी हुई है, किंतु पुराने बारीक चावल का स्टाक कम होने से कीमतों पर असर है।

दाल-दलहन चने में बेसन और दाल मिलों की माँग कम होने से औसतन आमद के बावजूद इसके भावों में नरमी का रुख रहा। चने का स्टाक काफी बताया जा रहा है। दालों के भाव अच्छे होने पर खरीफ के दौरान दलहनों की बुवाई का क्षेत्रफल बढ़ा है। उधर आयात भी निरंतर हो रहा है, जिसे देखते हुए कीमतों पर असर है।

चना 2250-2275 रुपए 25 रुपए प्रति क्विंटल नीचे आया। उड़द और मूँग क्रमश: 2500-2800 रुपए 2400-2700 रुपए पर ढीले थे। मसूर और अरहर 2500-2800 रुपए 2500-2650 रुपए पर स्थिर रही।

गुड-चीनी सप्ताह के दौरान चीनी में छिटपुट कारोबार रहा। कारोबारियों का कहना है कि रिकॉर्ड उत्पादन से भावों में आगे विशेष घटबढ़ की संभावनाएँ क्षीण नजर आ रही हैं। इसे देखते हुए बड़ी खरीदारी नहीं निकल रही है। मिलों की बिकवाली भी अच्छी बनी हुई है।

मिल डिलीवरी चीनी 1270-1340 रुपए पर दस रुपए प्रति क्विंटल नरम रही। हाजिर में एम और एस 30 में 1415-1485 रुपए के बीच बनी रही।
लेखक के बारे में
वार्ता