1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Sai's center closed, training suspended, but Olympic preparations continue

साई के केंद्र बंद, ट्रेनिंग निलंबित, लेकिन ओलंपिक तैयारी जारी

Sports Authority of India
नई दिल्ली। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने कोरोना वायरस के खतरे के चलते अपने सभी राष्ट्रीय केंद्रों को बंद कर दिया है और ट्रेनिंग निलंबित कर दी है। लेकिन उसके केंद्रों में ओलंपिक की तैयारी जारी रहेगी। 
 
साई ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि उसने अपने सभी राष्ट्रीय केंद्रों और साई ट्रेनिंग सेंटर में कोरोना को रोकने के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं। राष्ट्रीय केंद्रों और ट्रेनिंग सेंटर में अकादमिक ट्रेनिंग तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक के लिए निलंबित कर दी गई है। हालांकि हॉस्टल सुविधाएं 20 मार्च तक के लिए खुली रहेंगी ताकि एथलीटों को असुविधा ना हो। 
 
सभी राष्ट्रीय शिविर स्थगित कर दिए गए हैं और केवल वही शिविर खुले हैं जहां एथलीट ओलंपिक की तैयारियां कर रहे हैं। जिन एथलीटों की अगले कुछ दिनों में परीक्षा है उन्हें केंद्र में रहने की अनुमति रहेगी ताकि वे अपने परीक्षा दे सकें। लेकिन यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी स्वास्थ्य प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया जाए जिससे केंद्र में रुकने वाले एथलीटों को कोई संक्रमण ना हो। 
 
अन्य सभी प्रशिक्षुओं को उनके माता-पिता को सूचना देने के बाद घर भेज दिया गया है। जिनके घर केंद्र से 400 किलोमीटर के दायरे में हैं उन्हें एसी थ्री टियर का ट्रेन टिकट दिया गया है और जिनके घर 400 किलोमीटर से आगे हैं उन्हें हवाई यात्रा का टिकट दिया गया है। 
 
किसी टूर्नामेंट, खेल समारोह, सेमीनार या कार्यशाला का तब तक आयोजन नहीं किया जाएगा जब तक केंद्र या राज्य सरकारें कोरोना को लेकर लगाए गए प्रतिबंधों को हटा नहीं देतीं।
अगला लेख
कोरोना के कारण सरे के 6 खिलाड़ियों को अलग रखा गया