ट्रैक पर तेजी से दौड़ने वाली हिमा दास ने पहनी खाकी वर्दी, असम सरकार ने बनाया DSP
गुवाहटी: भारत की अनुभवी स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास को शुक्रवार को असम की पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) नियुक्त किया गया। असम सरकार ने इस महीने की शुरुआत में हिमा को डीएसपी के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की थी।
असम पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल की ओर से शुक्रवार को समारोह का एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) भास्कर ज्योति महंत ने स्टार धाविका को यह पद सौंपते हुए सम्मानित किया। समारोह में असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी मौजूद रहे। वीडियो में लिखा गया, ' हिमा दास और असम पुलिस के सभी 597 नए चयनित सब इंस्पेक्टरों को हार्दिक बधाई। हम साथ मिल कर असम के नागरिकों की सेवा के लिए राज्य में लोगों के अनुकूल पुलिसिंग की एक नई गाथा लिखेंगे। '
मुख्यमंत्री ने ट्वीट में कहा, ' यह राज्य के लिए गर्व का दिन है और हिमा दास की नियुक्ति देश के युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट बनने के लिए प्रोत्साहित करेगी। 'हिमा दास ने एक वर्ष से अधिक समय बाद गुरुवार कोइंडियन ग्रां प्री द्वितीय में महिला 200 मीटर स्पर्धा में वापसी की और स्वर्ण पदक जीता। वह 23.31 सेकेंड के साथ पहले स्थान पर रहीं।
हिमा को अभी टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना है। उन्होंने अगस्त 2019 में अपनी आखिरी प्रतिस्पर्धा दौड़ में भाग लिया था। उन्हें 2018 एशियाई खेलों में पीठ के निचले हिस्से में चोट लग गई थी। इस कारण वह सितंबर 2019 में दोहा में हुई विश्व चैंपियनशिप में भाग नहीं ले पाई थी।(वार्ता)
Welcome Aboard!
— Assam Police (@assampolice) February 26, 2021
Heartiest Congratulations to @HimaDas8 and all 597 newly selected Sub Inspectors of Assam Police.
Together, we'll write a new saga of people friendly policing in the State, to serve the citizens of Assam.@CMOfficeAssam @DGPAssamPolice#SIsRecruitment pic.twitter.com/KBeFUGHLuW

