Hanuman Chalisa
Fri, 20 Nov 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Shivpal Singh Yadav, Uttar Pradesh assembly election 2017

शिवपाल यादव 11 मार्च के बाद बनाएंगे पार्टी

Shivpal Singh Yadav
इटावा। समाजवादी पार्टी (सपा) में सत्ता परिवर्तन के बाद हाशिए पर पहुंचे पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव आगामी 11 मार्च के बाद अपनी नई पार्टी बनाएंगे।
 
शिवपाल ने जसवन्त नगर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने के बाद नुमाइश पंडाल में आयोजित जनसभा में ऐलान किया कि वह 11 मार्च के बाद नई पार्टी बनाएंगे। इसी तारीख को विधानसभा चुनाव के नतीजे भी आएंगे।
  
उन्होंने सपा अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तंज करते हुए कहा आप (अखिलेश) देख लेना कि 11 मार्च के बाद आप सरकार बना लो। हम 11 मार्च के बाद पार्टी बनाएंगे। हम पांच साल से मेहनत कर रहे हैं, आखिर हम कहां जाएं? 
 
सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा निकाले गए या बागी हुए उन समाजवादी नेताओं के पक्ष में प्रचार करेंगे, जो चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग किन्हीं कारणवश सपा से अलग हो गए हैं, उन्हें अपनी नई पार्टी में शामिल करेंगे।
 
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव द्वारा सपा-कांग्रेस गठबंधन का विरोध करते हुए सपा नेताओं से कांग्रेस की सीटों पर चुनाव लड़ने के आहवान के बाद शिवपाल का नया ऐलान अखिलेश के लिए  चुनावी गणित के लिहाज से मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
 
शिवपाल ने कहा मैं हमेशा नेताजी के साथ रहूंगा लेकिन उनका अपमान बिलकुल नहीं सहूंगा। मुझे अपने अच्छे कामों की सजा मिली है। जिन लोगों ने गड़बड़ियां की उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। 
 
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हाथरस में अपनी चुनावी रैली में शिवपाल की तरफ इशारा करते हुए कहा कि अच्छा हुआ कि ‘साइकिल’ उनके हाथ में आ गई  है। जो भी लोग भीतरघात कर रहे थे, वे साथ नहीं रह सकते। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
मध्यप्रदेश में बढ़ेगी पासपोर्ट सेवा केंद्रों की तादाद