शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. फरार आरोपी को पकड़ने आई हरियाणा पुलिस के सिपाही को बदमाशों ने मारी गोली, मौत
Written By एन. पांडेय
Last Updated : शुक्रवार, 1 अक्टूबर 2021 (16:40 IST)

फरार आरोपी को पकड़ने आई हरियाणा पुलिस के सिपाही को बदमाशों ने मारी गोली, मौत

haryana police | फरार आरोपी को पकड़ने आई हरियाणा पुलिस के सिपाही को बदमाशों ने मारी गोली, मौत
हरिद्वार। हरियाणा के फरीदाबाद से डकैती मामले में फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए हरिद्वार पहुंची फरीदाबाद पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम पर बदमाशों ने फायर कर दिया। फायरिंग से गंभीर रूप से घायल सिपाही को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों ने फरीदाबाद में कुछ दिनों पहले डकैती को अंजाम दिया था जिसके बाद से चारों आरोपी फरार चल रहे थे।

 
मुखबिर की सूचना पर फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए हरिद्वार पहुंची थी। इसके बाद मौके से 3 बदमाशों को पुलिस टीम ने दबोच लिया और 1 बदमाश मौके से फरार हो गया जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

 
पुलिस के मुताबिक गुरुवार देर रात 10 बजे चारों बदमाशों को क्राइम ब्रांच की टीम ने पंतदीप पार्किंग के पास ट्रेस कर लिया था जिसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर चारों बदमाशों को दबोच लिया। इसी बीच अचानक एक बदमाश ने मोजे से पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायर कर दिया जिसमें गोली सिपाही की कनपटी पर जा लगी और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 
घटना के बाद आरोपी फरार ही गया था। घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड पुलिस ने हरिद्वार में मुठभेड़ के दौरान हरियाणा पुलिस के सिपाही के सिर में गोली मारकर हत्या करने वाले बदमाश को चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी का नाम अंशुल बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।