• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. attack on Union Minister Dharmendra Pradhan's rally in Nandigram, BJP worker injured
Written By
Last Updated : गुरुवार, 18 मार्च 2021 (14:25 IST)

नंदीग्राम में केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की रैली में हमला, भाजपा कार्यकर्ता घायल

West Bengal election 2021
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में रस्साकशी जारी है। वहीं, बंगाल की हाईप्रोफाइल सीट नंदीग्राम में केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ है। 
 
जानकारी के मुताबिक, नन्दीग्राम रैली में युवा मोर्चा अध्यक्ष पूरन चन्द्र पात्रो के सिर में चोट आई है। धर्मेन्द्र प्रधान नंदीग्राम इलाके के सोनचुरा में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच यह हमला हुआ। 
 
प्रधान ने ट्‍वीट कर बताया कि गुरुवार को सोनाचुरा (नंदीग्राम) में भाजपा की रैली पर टीएमसी के गुंडों द्वारा पत्थरबाज़ी करने की शर्मनाक कृत्य की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। इस हमले में स्थानीय युवा मोर्चा के हमारे एक साथी पूर्णा चंद्र पात्रो के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं व अन्य कई और साथी घायल भी हैं। 
धर्मेन्द्र प्रधान स्वयं कार्यकर्ता को अस्पताल लेकर गए थे। प्रधान ने आरोप लगाया कि टीएमसी के गुंडों ने हमला किया था। यह हमला मेरे सामने ही हुआ। उन्होंने कहा कि अस्पताल के बाहर भी टीएमसी के गुंडे खड़े थे। इस बीच, प्रधान ने राज्य में अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर निष्पक्ष चुनाव कराए जाने की मांग की है।

तृणमूल कांग्रेस नेता और पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री फिरहद कहीम ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को संभाल नहीं पा रही है। यह सुवेंदु भाजपा और पुरानी भाजपा की लड़ाई है। वे अपने कार्यकर्ताओं को संभाल नहीं पा रहे हैं और तृणमूल पर आरोप लगा रहे हैं।