1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 6 devotees killed in Hathras truck and tractor trolley collision

हाथरस में ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 6 श्रद्धालुओं की मौत, 8 घायल

Truck and tractor-trolley collision in Hathras
Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सादाबाद मार्ग पर एक ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार 6 लोगों की मौत हो गई और 8 अन्य घायल हो गए। आरोपी ट्रक चालक और 2 परिचालकों को गिरफ्तार कर उनका वाहन जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 
पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार श्रद्धालु शुक्रवार देर रात एटा के जलेसर से मथुरा के गोवर्धन में परिक्रमा करने के लिए निकले थे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु जब हाथरस में सादाबाद रोड पर पहुंचे, तब सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली में भीषण टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गई।
 
पांडेय के मुताबिक, हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल आठ लोगों को सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हाथरस जिला अस्पताल, अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज और आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
 
पांडेय के अनुसार, मरने वालों की पहचान विक्रम (45), माधुरी (22), हेमलता (12), लखमी (18), अभिषेक (20) और विष्णु (20) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेजे गए हैं।
 
उसने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 45 श्रद्धालु सवार थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रक चालक और दो परिचालकों को गिरफ्तार कर उनका वाहन जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
अगला लेख
भोपाल में फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ जैसी घटना, लड़की पर इस्लाम धर्म अपनाने के साथ हिजाब पहनने का बनाया दबाव