1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 4 killed in road accidents in Shimla

शिमला में सेब से लदे ट्रकों ने कुचला, दंपति समेत 4 लोगों की मौत

4 killed in two road accidents in Shimla
4 killed in road accidents in Shimla : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में 2 सड़क हादसों में सेब से लदे ट्रकों से कुचलने के कारण एक दंपति समेत 4 लोगों की मौत हो गई। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 24 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में अब तक 90 लोगों की मौत हो चुकी है।
 
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शिमला जिले के छैला इलाके में सेब से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर एक वाहन पर गिर गया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। उसने बताया कि मृतकों की पहचान मोहन नेगी और उसकी पत्नी आशा नेगी के रूप में की गई है। यह घटना मंगलवार शाम को उस समय हुई, जब नारकंडा से आ रहा ट्रक राजगढ़-सोलन मार्ग से होकर राज्य से बाहर जा रहा था।
 
ऐसा बताया जा रहा है कि ट्रक गलती से सैंज-राजगढ़ रोड के बजाय छैला बाजार की ओर मुड़ गया और नियंत्रण से बाहर हो गया। वह चार वाहनों को टक्कर मारने के बाद पलट गया और उसने दंपति को कुचल दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, ट्रक के ब्रेक खराब हो जाने के कारण यह हादसा हुआ।
 
पुलिस ने बताया कि शवों को खुदाई यंत्र की मदद से बाहर निकाला गया और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए ठियोग के सिविल अस्पताल भेजा गया है। उसने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की प्रासंगिक धाराओं के तहत लापरवाही से वाहन चलाने और जीवन को खतरे में डालने का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में जांच जारी है।
 
इस बीच, ठियोग से आ रहे सेब से लदे एक अन्य ट्रक के चालक ने शिमला शहर के बाहरी इलाके ढली के पास वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक ठियोग-शिमला मार्ग से बसंतपुर-शिमला रोड की ओर मुड़ रहे एक अन्य पिकअप ट्रक पर गिर गया। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
 
उसने बताया कि पीड़ितों में से एक की पहचान शिमला के ननखड़ी निवासी संजीव ठाकुर के रूप में की गई है, लेकिन दूसरे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 24 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में अब तक 90 लोगों की मौत हो चुकी है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
अगला लेख
No Confidence Motion: आजादी के बाद मोदी सरकार पर जनता का सबसे ज्यादा विश्वास, लोकसभा में बोले अमित शाह Live Updates