sawan somwar
Mon, 7 Sep 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. विधानसभा चुनाव 2017
  3. पंजाब
  4. Arvind Kejriwal, AAP, BJP, central government

वादा खिलाफी का दूसरा नाम है आम आदमी पार्टी : भाजपा

Arvind Kejriwal
जालंधर। आम आदमी पार्टी और उसके मुखिया अरविंद केजरीवाल को वादा खिलाफी का दूसरा नाम बताते हुए केंद्र तथा राज्य में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि पिछले 2 साल में सरकार ने कौन-कौन से वादे पूरे किए हैं? 
 
भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष तथा पंजाब प्रभारी प्रभात झा ने मंगलवार शाम यहां बातचीत में कहा कि आम आदमी पार्टी और उसके मुखिया तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वादा खिलाफी के पर्याय हैं। जल्दी ही उनकी सरकार 2 साल की होने वाली है। उन्हें बताना चाहिए कि इस अवधि में उन्होंने कौन-कौन सा वादा पूरा किया है?
 
झा ने कहा कि वादों की उनकी फेहरिस्त बड़ी लंबी है लेकिन पूरा करने के कॉलम में एक भी वादा नहीं है। दिल्ली सरकार ने दिल्ली की जनता का भरोसा जीतकर उन्हें केवल धोखा दिया है। दिल्ली सरकार में शामिल लोगों ने केवल गड़बड़ियां की हैं जिसका परिणाम जेलों में दिख रहा है। 
 
उन्होंने कहा कि जनलोकपाल, स्वराज, वाई-फाई, मोहल्ला क्लिनिक जैसे वादे केजरीवाल ने किए थे। इनमें से 2 साल में अब तक कौन सा वादा पूरा किया है? चुनावी वादों के अलावा भी लोक सुरक्षा, शिक्षा, सेहत आदि सरकार की जिम्मेदारी होती है। वे बताएं कि इनमें से किस क्षेत्र में उन्होंने बढ़िया काम किया है?
 
भाजपा नेता ने विभिन्न आंकड़े पेश करते हुए कहा कि दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी से त्रस्त हैं और प्रदेश के लोगों को भी इसकी जानकारी है इसलिए पंजाब के लोगों को उन पर कभी भी भरोसा नहीं होगा। (भाषा)
ये भी पढ़ें
गणतंत्र दिवस पर तिरंगे में नहाया बुर्ज खलीफा