1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. पेरिस ओलंपिक 2024
  4. Sumit Nagal confirms qualifying for Paris Olympics

नागल ने पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की पुष्टि की

sumit nagal qualifies for paris olympics
भारतीय टेनिस स्टार सुमित नागल ने शनिवार को पुष्टि की कि उन्होंने आगामी पेरिस ओलंपिक की पुरुष एकल स्पर्धा के लिए आधिकारिक तौर पर क्वालीफाई कर लिया है।
 
नागल के लिए यह दूसरा ओलंपिक होगा। उन्होंने इससे पहले 2020 तोक्यो खेलों के लिए भी क्वालीफाई किया। वह तोक्यो में दूसरे दौर में पहुंचे थे।
 
नागल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि मैंने आधिकारिक तौर पर 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह मेरे लिए एक यादगार क्षण है क्योंकि ओलंपिक मेरे दिल में एक विशेष स्थान रखता है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘ तोक्यो ओलंपिक 2020 में हिस्सा लेना मेरे करियर का मुख्य आकर्षण में से एक था। इसके बाद से पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना मेरा लक्ष्य था। ओलंपिक में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का इंतजार कर रहा हूं।’’
 
अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) ने कहा कि आईटीएफ के अनुसार 10 जून को क्वालीफिकेशन के लिए जब खिलाड़ियों की रैंकिंग पर विचार किया गया था तब नागल वैकल्पिक खिलाड़ियों की सूची में थे।
 
रोहन बोपन्ना और एन श्रीराम बालाजी पेरिस खेलों में पुरुष युगल स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करेंगे। शीर्ष-10 खिलाड़ी होने के नाते बोपन्ना के पास अपना जोड़ीदार चुनने का विकल्प था। एआईटीए ने उनकी पसंद को मंजूरी दे दी और उन्हें बालाजी के साथ जोड़ा।
 
नागल ने इस महीने की शुरुआत में हीलब्रॉन चैलेंजर जीतकर क्वालिफिकेशन की संभावना बढ़ा ली थीं क्योंकि वह एटीपी एकल रैंकिंग के शीर्ष 80 में पहुंच गए थे।
 
हीलब्रॉन की जीत इस सत्र में नागल का दूसरा चैलेंजर खिताब था, उन्होंने इस साल की शुरुआत में चेन्नई चैलेंजर में जीत हासिल की थी।
 
इस 26 साल के खिलाड़ी के लिए 2024 सत्र अच्छा रहा है। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलियाई ओपन के मुख्य ड्रॉ में जगह बनायी और विश्व रैंकिंग में 37वें स्थान पर काबिज अलेक्जेंडर बुब्लिक को शुरुआती दौर में हराकर उलटफेर किया था।
 
उन्होंने इंडियन वेल्स मास्टर्स और मोंटे कार्लो मास्टर्स जैसी एटीपी 1000 स्पर्धा के मुख्य ड्रॉ के लिए भी क्वालीफाई किया था। (भाषा) 
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
सानिया मिर्जा की मोहम्मद शमी से सगाई तय? पिता इमरान ने बताई सच्चाई