भारतीय इंजीनियर को सजा
ND
भारतीय मूल के अमेरिकी और पूर्व बी 2 लड़ाकू बमवषर्क इंजीनियर नौशीर गौवाड़िया को अमेरिका की एक संघीय अदालत ने चीन को गोपनीय सैन्य सामग्री बेचने के लिए 32 साल की सजा सुनाई है। ज्ञात हो कि 66 वर्षीय गौवाड़िया पिछले पाँच साल से जेल में ही हैं।
सहायक अमेरिकी अटार्नी केन सोरेनसेन ने बताया,‘हमें इस बात को लेकर थोड़ी निराशा है कि अदालत ने उन्हें आजीवन कारावास की सजा नहीं सुनाई। यह ऐसी सजा होती जिससे एक संदेश जाता, लेकिन 32 साल भी कोई कम नहीं है बल्कि उचित सजा है।’ चीन द्वारा अपने नए जे 20 लड़ाकू विमान की परीक्षण उड़ान संचालित किए जाने के कई सप्ताह बाद मुंबई में पैदा हुए गौवाड़िया को यह सजा सुनाई गई है। मुख्य अमेरिकी जिला जज सुसेन ओकी मोलवे ने जब कल सजा सुनायी तो गौवाड़िया के चेहरे पर कोई भाव नहीं था।
अभियोजन पक्ष का आरोप है कि गौवाड़िया ने लड़ाकू विमान के अग्रिम हिस्से को डिजाइन करने में चीन की मदद की जिससे मिसाइल कम गर्मी छोड़ता है और दुश्मन के इंफ्रारेड डिटेक्टर को इसका पता लगाने में मुश्किल होती है। आरोप है कि इसके लिए गौवाड़िया को दो साल में एक लाख दस हजार डॉलर की राशि मिली।
पिछले साल अगस्त में एक अमेरिकी संघीय ज्यूरी ने गौवाड़िया को 14 मामलों में दोषी ठहराया था जिनमें षडयंत्र, किसी बाहरी राष्ट्र को सहायता पहुँचाने के लिए राष्ट्रीय रक्षा सूचना देने और हथियार निर्यात नियंत्रण अधिनियम का उल्लंघन करना भी शामिल था। (भाषा)

