1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Yashwant Sinha says, I will not leave BJP

यशवंत सिन्हा बोले, मैं भाजपा नहीं छोडूंगा, पार्टी चाहे तो मुझे हटा सकती है

Yashwant Sinha
जबलपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि वह पार्टी नहीं छोड़ेंगे, लेकिन पार्टी चाहे तो उन्हें निकाल सकती है।
 
पार्टी के विरोध में लगातार बयानबाजी करने के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में सिन्हा ने कहा कि मेरा आंदोलन किसी व्यक्ति और पार्टी के खिलाफ नहीं है। मेरा विरोध नीतियों के खिलाफ है। मैं पार्टी का सदस्य हूं। मैं पार्टी नहीं छोडूंगा। पार्टी चाहे तो मुझे हटा सकती है।
 
अपने द्वारा बनाए गए राष्ट्रीय मंच के संबंध में उन्होंने बताया कि यह एक गैर-राजनीतिक संगठन है। इसमें विभिन्न पार्टी के सदस्य सहित पूर्व मंत्री और सांसद शामिल हैं। यह एक आंदोलन है, जो देश के किसानों एवं बेरोजगारों के साथ है।
 
भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के राष्ट्रीय मंच में शामिल होने के विषय में उन्होंने कहा कि यह एक संवेदनशील मामला है, जिसका वह समय आने पर खुलासा करेंगे।
 
उन्होंने कहा, 'देश में भय का माहौल है। देश की जांच एजेंसियों का दुरूपयोग किया जा रहा है। अलग मानसिकता रखने वालों के खिलाफ जांच एजेंसियों का उपयोग किया जा रहा है, जिसके कारण भाजपा ही नहीं, बल्कि देश में भय का माहौल है।'
 
सिन्हा ने बताया, 'देश का नागरिक होना भाजपा का सदस्य होने से ऊपर है। देश के नागरिक होने के कारण मैं किसानों की लड़ाई लड़ रहा हूं।' (भाषा)
अगला लेख
राजस्थान उपचुनाव के लिए मतगणना...