Weather Update 6 May : देश के कई राज्यों में सोमवार को भी गरज चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहा। दिल्ली, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश सहित 14 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान आने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इस दौरान 65 किलोमीटर प्रतिघंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। महाराष्ट्र समेत कई राज्य अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में आज अलग-अलग स्थानों पर गरज, बिजली और 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसके बाद 10 और 11 मई, 2026 को फिर से ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में अधिकांश स्थानों पर आज बिजली और 40-60 किमी/घंटा की तेज हवा के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर अगले 6-7 दिनों तक गरज, बिजली और 40-60 किमी/घंटा की तेज हवा के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।
दिल्ली एनसीआर को गर्मी से राहत
दिल्ली एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार को हुई बारिश के बाद राजधानी में गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, आज फिर तापमान बढ़कर अधिकतम 36 और 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के अंदर राज्य में अलग-अलग स्थानों पर बारिश या गरज की संभावना जताई है।
यूपी में कैसा है मौसम?
लखनऊ और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने का अलर्ट है। प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़ और बलिया समेत कई जिलों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। गोरखपुर, देवरिया, मथुरा और कन्नौज जैसे जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है।
मध्यप्रदेश में क्या है मौसम का हाल?
मध्य प्रदेश के सिवनी, बालाघाट, मंडला, कान्हा, डिंडोरी, अनूपपुर, अमरकंटक, दक्षिण उमरिया, दक्षिण शहडोल, पूर्वी ग्वालियर और भिंड में अगले 24 घंटे के अंदर गरज, बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की आशंका है। इस दौरान हवा की गति 60 तक पहुंच सकती है।
देश में क्या है गर्मी का हाल?
महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा समेत कई राज्यों में तेज गर्मी पड़ रही है। विर्दभ के 06 मई को तटीय आंध्र प्रदेश एवं यनम और रायलसीमा में; 06 से 09 मई के दौरान कोंकण और गोवा में, 09 से 11 मई के दौरान गुजरात क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की प्रबल संभावना है। 09 से 11 मई, 2026 के दौरान पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बने रहने की संभावना है।
edited by : Nrapendra Gupta