IndiGo की फ्लाइट में पावर बैंक फटने से हड़कंप: चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, जान बचाने के लिए स्लाइड से कूदे यात्री
हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E108) में मंगलवार दोपहर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब लैंडिंग के दौरान केबिन में संदिग्ध पावर बैंक ब्लास्ट होने से धुआं फैल गया। दोपहर करीब 3:50 बजे हुई इस घटना के बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
केबिन में फैला धुआं, मची अफरा-तफरी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विमान की सीट नंबर 39C पर बैठे एक यात्री ने सबसे पहले धुएं की सूचना दी। देखते ही देखते धुआं पूरे विमान में फैल गया। हालांकि, क्रू मेंबर्स ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) का इस्तेमाल कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन यात्रियों में दहशत फैल चुकी थी।
स्लाइड के जरिए किया गया इवैक्यूएशन
शाम करीब 4 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद इमरजेंसी घोषित कर दी गई और विमान को बे-1 (Bay 1) पर ले जाया गया। विमान में दो मासूम बच्चों सहित 200 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे। सभी की सुरक्षा को देखते हुए शाम 4:25 बजे इमरजेंसी एग्जिट गेट खोले गए और 'स्लाइड इवैक्यूएशन' (फिसलने वाली रबर सीढ़ी) के जरिए यात्रियों को बाहर निकाला गया।
कई यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती
जल्दबाजी में विमान से बाहर निकलने की कोशिश में कई यात्रियों को मामूली चोटें और खरोंचें आईं। गोवा से अपने परिवार के साथ लौट रही ऋचा नामक एक महिला यात्री के टखने में गंभीर चोट आई है, जिनका जीरकपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने घायलों की मदद के लिए एम्बुलेंस तैनात की और मामूली रूप से घायल यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। फिलहाल इस पूरी घटना पर इंडिगो या एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें