1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Twitter Drops Incorrect India Map From Its Website Amid Calls For Action

Twitter ने अपनी वेबसाइट से हटाया भारत का गलत नक्शा, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर को दिखाया था अलग देश

Twitter
नई दिल्ली। ट्विटर ने अपनी वेबसाइट से भारत का गलत नक्शा हटा लिया है। नक्शे को लेकर हुए विवाद के बाद इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के खिलाफ कार्रवाई की मांग हो रही थी। ट्‍विटर ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अलग देश के रूप में दर्शाया था।

सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) संबंधी नए नियमों के अनुपालन को लेकर भारत सरकार के साथ जारी गतिरोध के बीच ट्विटर की वेबसाइट भारत का विरूपित नक्शा दर्शा रही थी, जिसमें जम्मू कश्मीर और लद्दाख को एक अलग देश दिखाया गया था।

नए सोशल मीडिया नियमों को लेकर डिजिटल क्षेत्र की दिग्गज अमेरिकी कंपनी का भारत सरकार के साथ टकराव चल रहा है। भारत सरकार ने देश के नए आईटी नियमों की जानबूझ कर अनदेखी और कई बार कहे जाने के बावजूद नियमों के अनुपालन में नाकामी को लेकर उसकी आलोचना की है। ट्विटर की इस हरकत के बाद सरकार ने कड़ा रुख अख्तियार किया था और कार्रवाई के लिए तथ्य जुटाने का आदेश दिया था। हालांकि भारी दबाव के बीच ट्विटर को गलत नक्शा हटाना पड़ा है। 

करियर सेक्शन में दिखी गड़बड़ी : ट्विटर वेबसाइट पर करियर सेक्शन में ‘ट्वीप लाइफ’ हैडिंग के तहत यह स्पष्ट गड़बड़ी नजर आई थी। इसे लेकर देशवासियों ने कड़ा विरोध जताया और माइक्रोब्लॉगिंग मंच के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यह पहला मौका नहीं है जब ट्विटर ने भारत के नक्शे को गलत तरीके से पेश किया है। इससे पहले उसने लेह को चीन का हिस्सा दर्शाया था।
 
बैन का हैशटेग हुआ ट्रेंड : ट्विटर बैन का हैशटेग करीब 17,000 ट्वीट के साथ ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा था। बढ़ते विरोध के बीच सोमवार शाम को ट्विटर ने विरूपित नक्शे को हटा लिया। सूत्रों ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि ट्विटर की वेबसाइट पर गलत नक्शा दर्शाया गया इसलिए वह इस मामले में 'मध्यस्थ' नहीं है और इस सामग्री के लिए जिम्मेदार है।

शुक्रवार को ट्विटर ने भारत के कानून और आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद के अकाउंट को एक घंटे के लिए ब्लॉक कर दिया था। नए आईटी कानून आने के बाद से केंद्र सरकार और ट्विटर में तनातनी लगातार बनी हुई है। देश के नक्शे से छेड़छाड़ पर विवाद का नया मुद्दा जुड़ गया है।
अगला लेख
धर्मांतरण मामला : ATS ने गिरफ्तार किए 3 और लोग, विदेशों से होती थी फंडिंग