तेजस्वी यादव हिरासत में, पटना में RJD के मार्च पर हंगामा, पुलिस ने चलाया वाटर कैनन
Tejashwi Yadav Detained Patna: बिहार की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आ गई है। राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राजभवन मार्च के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। छात्रों के हक, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरे RJD कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने आयकर गोलंबर पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। छात्रों के अधिकार, बेरोजगारी, पेपर लीक, पारदर्शी परीक्षा और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का राजभवन मार्च आयोजित किया गया था।
इस मार्च की अगुवाई RJD नेता तेजस्वी यादव कर रहे थे। आयकर गोलंबर पर पुलिस ने रोका मार्च RJD कार्यकर्ताओं का यह विशाल जुलूस जैसे ही पटना के आयकर गोलंबर के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद भारी पुलिस बल और सुरक्षा बलों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। कार्यकर्ताओं ने जब लोकभवन की ओर बढ़ने की कोशिश की, तो पुलिस और RJD समर्थकों के बीच तीखी झड़प और नोकझोंक शुरू हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तेज रफ्तार वाटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल किया। ALSO READ: CJP आंदोलन पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा कदम, पुलिस बलप्रयोग की जांच के लिए हाईलेवल कमेटी, उधर सरकारी स्कूल में बदली तस्वीर
पानी की बौछार के बीच जमे रहे कार्यकर्ता
पुलिस द्वारा वाटर कैनन चलाए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में RJD कार्यकर्ता सड़क पर ही डटे रहे। पानी की तेज बौछार के बीच प्रदर्शन कर रहे कुछ कार्यकर्ता विरोध जताते हुए सड़क पर 'रेन डांस' करते भी नजर आए। मौके पर स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
हम जेल जाने से नहीं डरते
पुलिस हिरासत (डिटेन) में लिए जाने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा हम लोगों का मार्च राजभवन तक था, लेकिन हमें आयकर गोलंबर पर ही रोक दिया गया। हम इस सरकार के खिलाफ लगातार लड़ते रहेंगे और जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। हमारी यह लड़ाई छात्रों के हक-अधिकार, बेरोजगारी मिटाने, पेपर लीक पर रोक लगाने, पारदर्शी परीक्षा कराने, बेहतर शिक्षा, अच्छे स्वास्थ्य और बिहार को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए है। ALSO READ: CJP प्रोस्टेट पर बोले CJI- युवाओं की बात सुननी चाहिए, हिंसा का जवाब हिंसा नहीं हो सकता
AK-47 के इस्तेमाल पर उठाए सवाल
तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर भाई-भतीजावाद का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार केवल अपने लोगों और रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाने में व्यस्त है। इसके साथ ही उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा AK-47 जैसे आधुनिक हथियार के इस्तेमाल पर भी सरकार से कड़ा जवाब मांगा। उन्होंने सवाल किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ इस तरह के घातक हथियारों की क्या आवश्यकता थी?

