1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. shashi tharoor on trump dead economy statement

थरूर ने बताया, ट्रंप ने क्यों दिया था डेड इकोनॉमी वाला बयान?

shashi tharoor
Shashi Throor on Trump Statement : कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि भारत को मृत अर्थव्यवस्था (डेड इकोनॉमी) कहने संबंधी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणी का मकसद अपमान करना था और इसे शाब्दिक रूप से नहीं लिया जाना चाहिए।
 
थरूर ने कहा कि जब कुछ सबसे बड़ी शक्तियों की सक्रिय भागीदारी से युद्ध लड़े जा रहे हैं और जिन लोगों से वैश्विक व्यवस्था को कायम रखने की अपेक्षा की जाती है, वे अव्यवस्था को बढ़ावा देने में योगदान दे रहे हैं तो भारत को अपने राष्ट्रीय हितों के बारे में बहुत स्पष्ट होने की जरूरत है।
 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने पुणे में ‘क्रॉसवर्ड’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आकाश गुप्ता के साथ बातचीत में अपनी नवीनतम पुस्तक ‘द लिविंग कॉन्स्टिट्यूशन’ सहित कई मामलों पर बात की। ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने तथा रूस से सैन्य उपकरण एवं कच्चा तेल खरीदने पर अतिरिक्त जुर्माना लगाए जाने की पिछले सप्ताह घोषणा करते हुए भारत को एक मृत अर्थव्यवस्था कहा था।
 
थरूर ने कहा कि खासकर जब ट्रंप ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में हैं तो ऐसे समय में यह एक अशांत और अप्रत्याशित दुनिया है।
 
उन्होंने कहा कि ट्रंप के बारे में मैं कहना चाहता हूं कि आप उनकी बातों को शाब्दिक रूप से नहीं ले सकते लेकिन आपको उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत है। वह अमेरिका के राष्ट्रपति हैं और उनके फैसले नीतियों को प्रभावित कर सकते हैं और नीतियां हमें प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए उन्हें गंभीरता से लें लेकिन उनकी हर बात को शाब्दिक रूप से न लें।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब वह कहते हैं कि आपकी अर्थव्यवस्था मृत हो चुकी है तो यह ऐसा है जैसे कोई स्कूली बच्चा खेल के मैदान में कहे कि आपकी मां बदसूरत है। आपको इसे गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। इसका मकसद अपमान करना है, इसे शाब्दिक रूप से नहीं लिया जाना चाहिए।

थरूर ने कहा कि पिछले छह महीने में ट्रंप की शुल्क नीतियों के असर ने पूरी दुनिया को पीछे धकेल दिया है और भारत को भी दो-तीन दिन पहले थोड़ा झटका लगा था। हमें उबरना होगा क्योंकि अमेरिका के साथ संबंध हमारे लिए इतने महत्वपूर्ण हैं कि हम इन्हें आगे बढ़ाने के लिए वास्तविक प्रयास करना चाहते हैं। जब मैं अमेरिका के साथ संबंधों की बात कर रहा हूं तो मेरा मतलब केवल व्यापारिक संबंध से नहीं है, रणनीतिक साझेदारी से भी है। इसलिए मुझे लगता है कि अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है।
edited by : Nrapendra Gupta
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब वह कहते हैं कि आपकी अर्थव्यवस्था मृत हो चुकी है तो यह ऐसा है जैसे कोई स्कूली बच्चा खेल के मैदान में कहे कि आपकी मां बदसूरत है। आपको इसे गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। इसका मकसद अपमान करना है, इसे शाब्दिक रूप से नहीं लिया जाना चाहिए।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें