राहुल गांधी ने पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह को कहा गद्दार, भाजपा ने किया पलटवार
Rahul Gandhi on PM Modi Amit Shah: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर तगड़ा निशाना साधते हुए दोनों को गद्दार कहा है। राहुल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने देश के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। मोदी सरकार आपको नहीं बचा पाएगी।
हालांकि राहुल गांधी आर्थिक मुद्दे पर लगातार सरकार को घेर रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साध रहे हैं। एक बार फिर उन्होंने आर्थिक मुद्दे पर ही मोदी को निशाना बनाया है। राहुल ने कहा कि पांच राज्यों- पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के चुनाव से पहले कहा गया था कि देश में पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आज जब पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं तो अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान से बाहर भेज रहे हैं। वे रूस से पेट्रोल खरीदकर बाहर बेचते हैं और उस पैसे से वे नरेंद्र मोदी को फंडिंग करते हैं। यही सच्चाई है। ALSO READ: राहुल गांधी की बड़ी चेतावनी: 'देश में आने वाला है भयंकर आर्थिक तूफान, मार झेलेंगे किसान-मजदूर
देश के आर्थिक सिस्टम को बेचा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह गद्दार हैं। मोदी ने आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। अब आर्थिक तूफान आ रहा है और नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी। वे आपसे कहेंगे, रोएंगे और कहेंगे कि मेरी गलती नहीं है। मैं आपको बता रहा हूं, गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है क्योंकि इन्होंने संविधान खत्म किया है। ALSO READ: NEET मामले पर भड़के राहुल गांधी, बोले- 22 लाख बच्चों के साथ हुआ धोखा, शिक्षा मंत्री प्रधान दें इस्तीफा...
उन्होंने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी कहते हैं कि विदेश मत जाइए, सोना मत खरीदिए और खुद हजारों करोड़ रुपए के जहाज में विदेश जाते हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि आने वाले समय में किसान के पास खाद नहीं होगा। बस, देखते जाइए, कुछ महीनों में महंगाई कहां जाती है, पेट्रोल, डीजल, तेल, गैस, दाल, चावल के दाम कहां जाते हैं।
भाजपा का पलटवार
भाजपा ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी भाषा पाकिस्तानी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को नहीं बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों को गद्दार कहा है। दरअसल, राहुल गांधी का रिमोट देशद्रोहियों के हाथों में है। हर देश विरोधी व्यक्ति प्रधानमंत्री को गद्दार कहता है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

