1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. PM Modi wishes Guru Nanak Dev Prakash Parv and Dev Diwali

पीएम मोदी ने दीं गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व और देव दीपावली की शुभकामनाएं

Prime Minister Narendra Modi
Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को गुरु नानक देव (Guru Nanak Dev) के प्रकाश पर्व (Prakash Parv) के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि दूसरों की सेवा करने एवं भाईचारे को आगे बढ़ाने की जो शिक्षा सिखों के पहले गुरु ने दी, वह दुनियाभर में लाखों लोगों को ताकत देती है। गुरु नानक देव ने सिख धर्म की स्थापना की थी। मोदी ने देव दीपावली (Dev Diwali) की शुभकामनाएं भी दीं।
 
मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि श्री गुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं। उन्होंने दूसरों की सेवा करने और भाईचारे को आगे बढ़ाने पर जोर दिया, जो दुनियाभर के लाखों लोगों को ताकत देता है। मोदी ने रविवार को 'मन की बात' कार्यक्रम में भी पहले सिख गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की थी।
 
प्रधानमंत्री ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम में कहा था कि गुरु नानक के अनमोल संदेश आज भी न केवल भारत के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायी और प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि ये संदेश लोगों को सरल, सामंजस्यपूर्ण और दूसरों के प्रति समर्पित होने के लिए प्रेरित करते हैं।
 
मोदी ने एक अन्य पोस्ट में देव दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रद्धा, भक्ति और दैवीय उपासना की भारतीय परंपरा से प्रकाशित पावन पर्व कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली की असीम शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह पावन अवसर देशभर के मेरे परिवारजनों के जीवन में नई रौनक और स्फूर्ति लेकर आए। देव दीपावली कार्तिक महीने के अंतिम दिन कार्तिक पूर्णिमा को मनाई जाती है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
पीएम मोदी ने किए तिरुपति मंदिर में दर्शन, भारतीयों की समृद्धि के लिए की प्रार्थना