1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. neha-bora-detained-cec-gyanesh-kumar-protest

बिना नंबर प्लेट की प्राइवेट कार में नेहा बोरा को ले गई पुलिस? बवाल के बाद नरेला में छोड़ा

Neha Bora
राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर के पास रविवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस के बीच उस समय तीखी झड़प हो गई, जब छात्र मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मार्च निकाल रहे थे। इस दौरान आइसा के सदस्यों ने दिल्ली पुलिस पर नियमों के उल्लंघन का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। ALSO READ: CEC के खिलाफ दिल्ली में AAP का मार्च, सौरभ भारद्वाज हिरासत में, वायरल वीडियो पर भड़के केजरीवाल
 
संगठन का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को एक बिना नंबर प्लेट वाली निजी (प्राइवेट) गाड़ी में जबरन उठा लिया और किसी अज्ञात स्थान पर ले गई। आइसा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हिरासत में लेते वक्त पुलिस की उस निजी गाड़ी में कोई भी महिला पुलिस अधिकारी मौजूद नहीं थी, जो कि हिरासत से जुड़े कानूनी नियमों का सीधा उल्लंघन है। बाद में सामने आई जानकारी के अनुसार, नेहा बोरा को हिरासत में रखकर दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन ले जाया गया था।
 
आइसा अध्यक्ष के आधिकारिक 'X' अकाउंट से बाद में पुष्टि की गई कि नेहा बोरा को नरेला पुलिस स्टेशन से रिहा कर दिया गया है। हालांकि, संगठन ने बताया कि रिहाई के बाद भी उनका फोन और बैग फिलहाल उनके पास नहीं हैं। उनकी कानूनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वकीलों की एक टीम को मौके पर भेजा गया।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर तीसरे दिन भी टकराव

यह पूरा हंगामा उस वक्त खड़ा हुआ जब आइसा कार्यकर्ता लगातार तीसरे दिन मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए जंतर-मंतर की तरफ कूच कर रहे थे। अशोका रोड स्थित आंध्र भवन सर्कल से शुरू हुए इस मार्च को रोकने के लिए भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग तैनात थी। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच बैरिकेड पार करने को लेकर धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा को पुलिस घेरे और बैरिकेड्स को फांदते हुए देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
 

सौरभ भारद्वाज की गिरफ्तारी का वीडियो वायरल

प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने सौरभ भारद्वाज समेत कई आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। भारद्वाज ने एक्स पोस्ट में अपना वीडियो शेयर करते हुए बताया कि दिल्ली पुलिस किस प्रकार बर्बरता करती है? वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हिरासत के दौरान सौरभ भारद्वाज सड़क पर लेटे हुए हैं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा है।
सुप्रीम कोर्ट में भी आज मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मामले में सुनवाई है। कॉकरोच जनता पार्टी ने भी इस मामले में 10 अक्टूबर को दिल्ली में एक बड़े प्रदर्शन का एलान किया है। याचिका में ज्ञानेश कुमार को निलंबित करने और उनके कथित तौर पर अकेले लिए गए फैसलों को रद्द करने की मांग की गई है।
अगला लेख
कश्मीर में गर्मी का टूटा रिकॉर्ड! श्रीनगर-गुलमर्ग समेत कई शहरों में पारा देख वैज्ञानिक हैरान