1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Lalu Prasad Yadav, Nitish Kumar, Narendra Modi

लालू भी पुरज़ोर लड़ेगा, मर्ज़ी जितने षड्यंत्र रचो...

Lalu Prasad Yadav
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सोमवार को केन्द्र की नरेन्द्र मोदी और बिहार की नीतीश सरकार पर अप्रत्यक्ष तौर पर हमला करते हुए कहा कि वह किसी भी स्थिति में संघर्ष को छोड़ने वाले नहीं हैं और मरते दम तक देश की रक्षा करते रहेंगे।


चारा घोटाले में झारखंड के रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय करागार में बंद यादव की ओर से उनके ट्वीटर हैंडल से ट्वीट में कहा गया है कि 'रौंदोगे तो हिमाला बनूंगा, विष दोगे तो शिवाला बनूंगा, उधेड़ोगे तो दूशाला बनूंगा, जलाओगे तो उजाला बनूंगा, दफ़नाओगे तो निवाला बनूंगा, लालू लाल है बिहार का, जन्म-जन्मांतर तक इस मिट्टी का रखवाला बनूंगा।'

गौरतलब है कि यादव चारा घोटाले के एक मामले में सजा मिलने के बाद 23 दिसम्बर से ही जेल में हैं। यादव ने इससे पूर्व 8 जनवरी को भी ट्वीट कर कविता के जरिए केन्द्र और राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा था, झूठ अगर शोर करेगा, तो लालू भी पुरज़ोर लड़ेगा, मर्ज़ी जितने षड्यंत्र रचो, लालू तो जीत की ओर बढ़ेगा, अब, इंकार करो चाहे अपनी रज़ा दो, साज़िशों के अंबार लगा दो, जनता की लड़ाई लड़ते हुए, लालू तो बोलेगा चाहे जो सजा दो।' (वार्ता)
अगला लेख
बीएसएफ ने पाकिस्तानी ठिकानों पर मोर्टार के 9000 गोले दागे