Bihar : कांग्रेस ने फिर उठाई राज्य के विशेष दर्जे की मांग, CM नीतीश कुमार से की यह अपील...
Congress again raised this demand regarding Bihar : कांग्रेस ने जनता दल (यूनाइटेड) द्वारा बिहार के लिए विशेष राज्य के दर्जे की मांग फिर उठाए जाने के बाद शनिवार को कहा कि क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मांग को लेकर अपने कैबिनेट से प्रस्ताव पारित कराने की हिम्मत दिखाएंगे।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) को भी विशेष राज्य के दर्जे के संदर्भ में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। जद (यू) ने शनिवार को अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बिहार के लिए विशेष राज्य के दर्जे की अपनी वर्षों पुरानी मांग भी दोहराई।
रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, जद (यू) ने एक प्रस्ताव पारित करके बिहार को विशेष राज्य का दर्ज़ा देने की मांग दोपहराई है। उन्होंने सवाल किया, क्या मुख्यमंत्री राज्य के कैबिनेट से भी ऐसा प्रस्ताव पारित कराने की हिम्मत दिखाएंगे। क्या बिहार के मुख्यमंत्री पूरे दमखम के साथ इस मांग को रखेंगे?
रमेश ने भाजपा की एक अन्य प्रमुख सहयोगी तेलुगु देशम पार्टी का उल्लेख करते हुए कहा, अपनी नई पारी में तेदेपा का क्या रुख है? इसने अभी तक आंध्र प्रदेश के लिए ऐसा कोई प्रस्ताव पारित क्यों नहीं किया है? यह एक ऐसा वादा है, जिस पर 30 अप्रैल 2014 को पवित्र शहर तिरुपति में नॉन-बायोलॉजिकल प्रधानमंत्री ने काफ़ी ज़ोर दिया था। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें