CEC ज्ञानेश के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन, शिंदे का ऐलान, रविवार को फिर CJP का जंतर-मंतर कूच
Ajinkya Shinde Cockroach Janata Party: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा और तेज कर दिया है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को हिरासत में लिए जाने के बाद कमान संभाल रहे नए कप्तान अजिंक्य शिंदे ने रविवार को फिर से जंतर-मंतर कूच करने का बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने इस लड़ाई को सरकार के अस्तित्व से जुड़ा आंदोलन बताया है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और सरकार के बीच टकराव गहराता जा रहा है। शीर्ष नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद सीजेपी के संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने आंदोलन के अगले चरण का नेतृत्व संभाल लिया है। शनिवार शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शिंदे ने स्पष्ट किया कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक यह प्रदर्शन रुकने वाला नहीं है। ALSO READ: दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पर भड़के सोनम वांगचुक, अनशन और पदयात्रा की दी चेतावनी
सरकार के अस्तित्व की लड़ाई
शिंदे ने कहा कि यह सरकार के अस्तित्व की लड़ाई है। अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा देते हैं तो सरकार जिस तरह से वोट चोरी करके चुनकर आई है, वह दोबारा नहीं जीत पाएगी। यही वजह है कि सरकार ज्ञानेश कुमार को बचाना चाह रही है। आज दिल्ली में सरकार ने अघोषित इमरजेंसी लागू कर दी है, जिससे देश-विदेश में देश की बदनामी हो रही है। यह लंबी लड़ाई है और जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होगा, तब तक हम यहां आते रहेंगे।
12 करोड़ वोट काटकर जीता चुनाव
शिंदे ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान करोड़ों नागरिकों का मताधिकार छीना गया। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ यह मांग कर रहे थे कि जिनके वोट चोरी हुए हैं, उन्हें उनके वोट का अधिकार वापस मिले। 12 करोड़ वोट ज्ञानेश कुमार की मदद से काटे गए और चुनाव जीता गया। शिंदे ने कहा कि पिछली बार जब हम जंतर-मंतर आए थे, तो पूरे देश से समर्थन मिला था और एक मंत्री का इस्तीफा हुआ था। सरकार इसी बात से डरी हुई है।
कौन हैं अजिंक्य शिंदे?
सीजेपी के शीर्ष नेताओं- अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को मुंबई से दिल्ली पहुंचते ही हवाई अड्डे पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इसके बाद महाराष्ट्र के लातूर जिले की औसा तहसील के उजनी गांव के रहने वाले 35 वर्षीय अजिंक्य शिंदे को 'जंतर-मंतर 2.0' प्रदर्शन की कमान सौंपी गई है। कंप्यूटर इंजीनियर के रूप में अपना करियर छोड़कर सामाजिक और राजनीतिक सक्रियता में कदम रखने वाले शिंदे को दीपके ने अपने हिरासत में रहने तक इस आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए चुना है।

