1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Bulandshahr Violence Case

शहीद इंस्पेक्टर सुबोध के परिवार ने की योगी से मुलाकात, सभी मांगें मानीं

Bulandshahr Violence Case
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बुलंदशहर में गत तीन दिसम्बर को गोकशी को लेकर हुई हिंसा में शहीद पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह के परिजनों से मुलाकात की। योगी ने अपने सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनकी मांगें मानते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया।


उन्होंने कहा कि वे इस घटना को लेकर बेहद गंभीर हैं। मुख्यमंत्री ने सुबोध के परिजनों को पूरी मदद का भरोसा देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुलाकात के समय पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओपी सिंह और प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग वहां मौजूद थे।

पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद मुख्समंत्री आवास पर डीजीपी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच एसआईटी से कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सुबोध सिंह को शहीद का दर्जा देगी और उनके बच्चों को पूरी सहायता देगी। राज्य सरकार ने पीड़ित परिवार की लगभग सभी मांगें मान ली हैं। सरकार परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देगी और बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठाएगी।

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में प्रमुख रूप से सुबोध की पत्नी रजनी और उसके दो पुत्र एवं अन्य लोग शामिल थे। डीजीपी ने बताया कि इसके साथ ही सरकार सुबोध के परिवार का कर्ज भी चुकाएगी। गौरतलब है कि बुलंदशहर के स्याना कोतवाली क्षेत्र में गोकशी की अफवाह फैलने के बाद हिंसक भीड़ ने पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध सिंह की हत्या कर दी थी। इस घटना में सुमित नामक युवक की भी गोली लगने की वजह से मृत्यु हो गई थी।

राज्य सरकार ने मृतक सुबोध सिंह के परिवार को 40 लाख रुपए की सहायता देने के अलावा सुमित के परिवार को भी दस लाख रुपए की सहायता देने की पहले ही घोषणा कर दी। इस घटना में अभी तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अगला लेख
इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी ने रचा इतिहास, बने विश्व के सबसे प्रसिद्ध नेता