• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. अभिनेत्री से नेता बनीं विजयाशांति पुन: भाजपा में शामिल
Written By
Last Updated : सोमवार, 7 दिसंबर 2020 (19:17 IST)

अभिनेत्री से नेता बनीं विजयाशांति पुन: भाजपा में शामिल

Vijayashanti | अभिनेत्री से नेता बनीं विजयाशांति पुन: भाजपा में शामिल
नई दिल्ली। अभिनेता से नेता बनीं विजयाशांति सोमवार को एक बार फिर भाजपा में शामिल हो गईं। उन्होंने 1990 के दशक में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भाजपा से ही की थी और बाद में वह अन्य पार्टियों से जुड़ गई थीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सिर्फ भाजपा ही तेलंगाना के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है।
विजयाशांति 80 और 90 के दशक में तेलुगु फिल्मों की सफल अभिनेत्री थीं। उन्होंने हिन्दी की भी कई फिल्मों में अभिनय किया है। विजयाशांति ने इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। वे यहां पार्टी मुख्यालय में महासचिव अरुण सिंह, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष बांदी संजय कुमार की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुईं।
 
विजयाशांति भाजपा छोड़ने के बाद टीआरएस और कांग्रेस में शामिल हो गई थीं। 54 वर्षीय विजयाशांति संसद सदस्य भी रह चुकी हैं। वे अलग तेलंगाना राज्य के लिए हुए आंदोलन से भी जुड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ टीआरएस नए राज्य के लोगों के सपनों को पूरा करने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव नीत सरकार में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है।
 
भाजपा 2019 के लोकसभा चुनावों में अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद तेलंगाना में अपनी संभावनाओं को लेकर आश्वस्त है। इससे पहले उसने डबका विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में टीआरएस पर जीत हासिल कर लोगों को चौंका दिया था। हाल ही में पार्टी ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनावों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
किसानों के लिए समाजवादी पार्टी का हल्ला बोल, दिनभर चला नेताओं और पुलिस के बीच लुकाछिपी का खेल