1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. A mob attack on the people of Dalit Basti

दिल्ली : दलित बस्ती के लोगों पर भीड़ का हमला, जानिए पूरा मामला

DalitBasti
नई दिल्ली। दिल्ली में दलित बस्ती में रहने वाले 22 वर्ष के एक व्यक्ति द्वारा अन्य समुदाय की लड़की से शादी करने के बाद यहां रहने वाले कुछ लोगों पर एक भीड़ ने कथित तौर पर हमला किया। यह जानकारी पुलिस ने दी। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के इस इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
 
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे सीसीटीवी फुटेज के अनुसार शनिवार रात को 15 से 20 व्यक्ति इस मोहल्ले में आए और उन्होंने फूलों के गमले तोड़ दिए, घरों पर पत्थराव किया, वाहन क्षतिग्रस्त किए और घरों में भी घुसने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि यहां रहने वाले लोगों पर कथित हमले में 3 से 4 निवासियों को आंशिक तौर पर चोटें आई हैं।
 
पुलिस ने बताया कि लड़की का परिवार व्यक्ति से उसके संबंध के खिलाफ था और जब उसने शादी कर ली तो वे गुस्सा हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद लड़की के भाई समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार रात को व्यक्ति, उसकी पत्नी और उसके परिवार के सदस्य दलित बस्ती में मौजूद नहीं थे।
 
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) आरपी मीणा ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और पाया कि लड़की ने अपने अभिभावकों की मर्जी के खिलाफ शादी की। लड़की के परिवार वाले इस घटना में शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस जोड़े ने 16 मार्च को शादी की थी और लड़की के परिवार ने उसके लापता होने की शिकायत सनलाइट कालोनी पुलिस थाने में शनिवार को दर्ज कराई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जोड़े को पुलिस थाने बुलाया गया था और लड़की ने शादी के लिए अपनी सहमति जताई थी और दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें जाने दिया गया। व्यक्ति की मां ने संवाददाताओं को बताया कि लड़की के परिवार के सदस्यों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। (भाषा)
अगला लेख
West Bengal Election 2021 : चाय बागान कर्मियों के नेताओं ने खोली BJP के वादे की पोल