1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 2 people died during rescue operation in Tripura

Tripura Floods : बचाव अभियान के दौरान 2 लोगों की मौत, राहुल गांधी और CM माणिक साहा ने जताया शोक

2 people died during rescue operation in Tripura
2 people died during rescue operation in Tripura : बाढ़ प्रभावित त्रिपुरा में बचाव अभियान के दौरान 2 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) के जवान आशीष बोस दक्षिण त्रिपुरा के बेलोनिया में बचाव अभियान के दौरान नदी में बह गए जबकि जीप चालक चिरंजीत देब शुक्रवार को पश्चिमी त्रिपुरा जिले के इंद्रनगर में 3 लोगों को बचाते समय डूब गया।
 
इन मौतों के साथ राज्य में बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या 26 हो गई है जबकि पिछले 3 दशकों में इस पूर्वोत्तर राज्य में आई सबसे भीषण बाढ़ के कारण 1.28 लाख लोग बेघर हो गए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बचाव अभियान के दौरान हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया।
गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'फेसबुक' पर लिखा कि बाढ़ प्रभावित त्रिपुरा में बचाव अभियान के दौरान 2 बहादुर जवानों की दुखद मौत की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। उनकी नि:स्वार्थ सेवा, साहस और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस कठिन समय में राष्ट्र उनके साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी 2 लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। 'फेसबुक' पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि आशीष बोस (बेलोनिया से टीएसआर जवान) और चिरंजीत देब (इंद्रनगर से) की मृत्यु से बहुत दुख हुआ, 2 बहादुर योद्धा जिन्होंने त्रिपुरा बाढ़ के दौरान दूसरों को बचाते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके परिवारों और मित्रों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। उनका बलिदान हमें साहस और बहादुरी की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करता रहेगा। उनके नि:स्वार्थ कार्य को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा।
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने भी 2 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि विनाशकारी बाढ़ ने कई लोगों की जान ले ली है। लोगों को बचाते हुए 2 बहादुर लोगों ने भी अपनी जान गंवा दी। मैं बाढ़ के दौरान जान गंवाने वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।(भाषा)
Edited by: Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Assam : बच्चियों का किया यौन उत्पीड़न, 2 आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो के तहत केस दर्ज