19 फरवरी : आज इन खबरों पर रहेगी सबकी नजर
नई दिल्ली। गलवान घाटी मामले में चीन की स्वीकारोक्ती, विश्व भारती के कार्यक्रम में पीएम मोदी, पेट्रोल पर महंगाई की मार समेत इन खबरों पर शुक्रवार, 19 फरवरी को रहेगी सबकी नजर...

कश्मीर में देर रात से चल रही दो मुठभेडों में लश्करे तोयबा के 3 आतंकी मारे गए हैं। इन मुठभेडों में एक SPO शहीद हो गया है तथा एक सीआरपीएफ कर्मी जख्मी हुआ है।

अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा (NASA) के रोवर परसिवरेंस ने आज मंगल ग्रह (Mars Planet) पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की। परसिवरेंस रोवर धरती से टेकऑफ करने के 7 महीने बाद भारतीय समय के अनुसार रात 2 बजकर 25 मिनट पर लाल ग्रह की सतह पर लैंड हुआ। रोवर मंगल पर जीवन की संभावनाओं की तलाश करेगा।

चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने शुक्रवार को पहली बार आधिकारिक तौर पर यह स्वीकार किया कि पिछले वर्ष पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारत की सेना के साथ हुई झड़प में उसके 4 सैन्य अधिकारियों और जवानों की मौत हुई थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 फरवरी को विश्व भारती के दीक्षांत समारोह में डिजिटल तरीके से शामिल होंगे। केंद्रीय विश्वविद्यालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित इस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं।