महाराष्ट्र राज्यसभा चुनाव 2026: भाजपा ने रामदास अठावले और विनोद तावड़े को बनाया उम्मीदवार, जानें पूरी सूची
RajyaSabha Election 2026 : भाजपा ने महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों में से 4 के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने माया चिंतामण ईवनाते और रामाराव वडकुते को भी राज्यसभा का टिकट दिया है।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को महाराष्ट्र में राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव हेतु उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इन पर 16 मार्च को वोटिंग है और नतीजे भी उसी दिन आएंगे। ये सीटें अप्रैल 2026 में खाली होने वाली हैं।
राज्यसभा में कैसे होते हैं चुनाव
राज्यसभा के सदस्यों को विधायक चुनते हैं। यह अप्रत्यक्ष चुनाव होता है। विधायक बैलेट पेपर पर वोट डालते हैं। यह खुला मतदान होता है, यानी पार्टी को अपना वोट दिखाना पड़ता है। हर विधायक अपनी पसंद के उम्मीदवारों को नंबर देता है जैसे 1, 2, 3... (वरीयता के आधार पर)। अगर कोई उम्मीदवार पहले ही जरूरी वोट (कोटा) पा ले, तो उसके अतिरिक्त वोट दूसरी पसंद पर चले जाते हैं।
राज्यसभा में कुल 245 सदस्य होते हैं, जिनमें से 233 सदस्य राज्यों और कुछ केंद्रशासित प्रदेशों से चुने जाते हैं और 12 को राष्ट्रपति नामित करते हैं। हर सदस्य का कार्यकाल 6 साल का होता है और हर 2 साल में करीब एक-तिहाई सदस्य रिटायर होते हैं, इसलिए चुनाव नियमित रूप से होते रहते हैं।
edited by : Nrapendra Gupta