Wed, 22 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. मध्यप्रदेश
  4. Rishi Shukla, Madhya Pradesh Police, DGP

मप्र के नए पुलिस महानिदेशक बने ॠषि शुक्ला

Madhya Pradesh News
भोपाल। मध्यप्रदेश के नव पदस्थ पुलिस महानिदेशक ॠषि शुक्ला ने आज शाम यहां प्रदेश के पुलिस मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया। सेवानिवृत्‍त पुलिस महानिदेशक सुरेन्द्र सिंह ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर समस्त मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
पुलिस महानिदेशक शुक्ला ने कार्यभार ग्रहण करने के पूर्व पुलिस मुख्यालय परिसर में सलामी गार्ड का निरीक्षण किया। सलामी गार्ड ने नव पदस्थ पुलिस महानिदेशक को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। शुक्ला 1983 बैच के अधिकारी हैं।
 
शुक्ला ने कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा रही है और मैं इसे बनाएं रखने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि उन्हें अधिकारियों की एक अच्छी टीम मिली है जिसने सिंहस्थ जैसे विशाल आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। इसमें मध्यप्रदेश पुलिस के जनता के साथ मित्रवत व्यवहार की हर जगह सराहना हुई है।
 
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में प्रदेश पुलिस में 30,000 बल और आधुनिक संसाधन बढ़े हैं। डॉयल 100 सेवा से पुलिस के प्रति जनता में विश्वास बढ़ा है।
 
शुक्ला ने कहा के समाज में हो रहे नए-नए अपराधों के साथ पुलिस की चुनौतियां भी बड़ी हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में नक्सलवाद को रोका गया है इसके साथ ही प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द भी बना है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि पुलिसबल और संसाधनों का सुसंगत तरीके से इस्तेमाल हो।
 
उन्होंने पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा पुलिसकर्मियों के लिए जिस प्रकार के मकान बना रहे हैं उससे उनके व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आने की उम्मीद है। (भाषा)