MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड 50 फीसदी बढ़ा, खत्म हुआ धरना, काम पर लौटे जूडा और इंटर्न डॉक्टर
MBBS इंटर्न पर लाठीचार्ज मामले में दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच
भोपाल। भोपाल में बीते दिन से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे MBBS इंटर्न का धरना खत्म हो गया है। सरकार ने MBBS इंटर्न के स्टाइपेंड में 50 फीसदी की बढ़ोत्तरी कर दी है। मंत्रालय में MBBS इंटर्न के प्रतिधिमंडल से मिलने के बाद डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया कि एमबीबीएस इंटर्न को मिलने वाले स्टाइपेंड में 50 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी। सरकार के इस फैसले से करीब 7 हजार एमबीबीएस इंटर्न को फायदा मिलेगा। सरकार के इस फैसले के बाद अब MBBS इंटर्न को 21,500 का स्टाइपेंड मिलेगा।
इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल को दुखद बताते हुए कहा कि जो हुआ, वह गलत हुआ था। उन्होंने बताया कि मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। सरकार ने साफ किया है कि प्रदर्शन में शामिल किसी भी एमबीबीएस इंटर्न के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जाएगी।
राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विदेश में रहने के बावजूद पूरे मामले पर लगातार संज्ञान ले रहे थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही इंटर्न के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है। सरकार का कहना है कि मेडिकल क्षेत्र में पढ़ाई कर रहे युवाओं की मेहनत और सेवाओं को देखते हुए उनके स्टाइपेंड में बढ़ोतरी जरूरी थी।
स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों को ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं देने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि सभी डॉक्टर ग्रामीण इलाकों में सेवा देने लगें तो स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव आएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने से डॉक्टरों को जमीनी स्तर पर मरीजों और स्वास्थ्य व्यवस्था को समझने का बेहतर अनुभव मिलता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में काम करके डॉक्टर और बेहतर सीख सकते हैं।
दरअसल, स्टाइपेंड बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर एमबीबीएस इंटर्न पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और इंटर्न के बीच विवाद हुआ और पुलिस ने लाठीचार्ज के साथ वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। इसके बाद इंटर्न ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और अपनी मांगों के समाधान की मांग की थी।
सरकार के फैसले के बाद आंदोलन खत्म करने का रास्ता साफ हो गया है। जूनियर डॉक्टर और मेडिकल टीचर एसोसिएशन ने अपनी हड़ताल वापस लेने का ऐलान कर दिया है। वहीं, एमबीबीएस इंटर्न ने भी हड़ताल खत्म करने की घोषणा की है।

