एमपी-पीएससी परीक्षा अब साल में दो बार, सीएम यूथ कॉन्क्लेव में CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा एलान
महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस
भोपाल। भोपाल के लाल परेड मैदान में मंगलवार को सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए बड़ा एलान किया है। युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष को सरकार युवा वर्ष के रुप में मनाने जा रही है और युवा वर्ष से प्रदेश में एमपी पीएससी की परीक्षा साल में दो बार कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य होगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर इस राज्य स्तरीय युवा समागम का आधिकारिक शुभारंभ किया और सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत मध्यप्रदेश-सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज के डिजिटल पंजीयन पोर्टल का रिमोट का बटन दबाकर शुभारंभ भी किया।
साल में 2 बार होगी MP-PSC परीक्षा-प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि प्रदेश में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की साल में एक बार होने वाले परीक्षा के अतिरिक्त अब हर वर्ष एक विशेष परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। अब वर्ष में 2 बार एमपी-पीएससी की परीक्षा आयोजित होगी, जिससे युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में जाने के अधिक अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार युवाओं के लिए शासकीय नौकरियों में लगातार नई भर्तियां और रुकी हुई पदोन्नतियां (प्रमोशन) भी कर रही है। यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि आज देशभर में सबसे कम बेरोजगारी की दर मध्य प्रदेश में दर्ज है।
सीएम यूथ कॉन्क्लेव में CM डॉ. मोहन यादव के बड़े ऐलान
- प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस की शुरुआत होगी।
- प्रदेश में 12 नए सामान्य विश्वविद्यालय खोले जाएंगे।
- चिकित्सा शिक्षा को सुगम बनाने के लिए 12 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित होंगे।
- युवाओं को रोजगार परख शॉर्ट-टर्म और आधुनिक कोर्स उपलब्ध कराने के लिए 12 नई स्किल यूनिवर्सिटी (कौशल विश्वविद्यालय) प्रारंभ की जाएंगी।
- युवा वर्ष 2027 के लिए एक विशेष इंटरैक्टिव पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवा सीधे अपने इनोवेटिव आइडिया और सुझाव सरकार से साझा कर सकेंगे और सरकार उन्हें धरातल पर लागू करेगी।
- रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए शोधार्थियों को मिलने वाली राशि को 16 हजार रुपये से बढ़ाकर सीधे 25 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। साथ ही शोध संस्थाओं के लिए विश्वविद्यालय निधि से 1 करोड़ रुपये का विशेष फंड स्थापित होगा।
- अत्याधुनिक AI लैब्स: डिजिटल युग की मांग को देखते हुए सभी शासकीय कॉलेजों में AIऔर एडवांस कंप्यूटिंग लैब की स्थापना की जाएगी।
- स्टार्टअप्स और नए व्यापारिक विचारों को प्रमोट करने के लिए 5 करोड़ रुपये का समर्पित आइडिया फंड बनाने का प्रावधान किया गया है।
- 'गांव की बेटी' योजना का विस्तार: स्नातकोत्तर (Post Graduation) की छात्राओं को भी अब 'गांव की बेटी' और 'प्रतिभा किरण' जैसी कल्याणकारी योजनाओं के दायरे में शामिल कर लाभान्वित किया जाएगा।
- युवाओं को सीधे निजी और सार्वजनिक क्षेत्रों में नौकरियों से जोड़ने और उनका प्लेसमेंट कराने के लिए एक पेशेवर नोडल एजेंसी नियुक्त की जाएगी।
- प्रदेश के 1 लाख से अधिक युवाओं को सीधे 'कौशल उन्नयन योजना' से जोड़कर तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जाएगा।
- प्रदेश के प्रत्येक संभाग मुख्यालय पर कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित और आधुनिक हॉस्टल्स का निर्माण किया जाएगा।
जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की धुनों से गूंजा लाल परेड मैदान- लाल परेड ग्राउंड में डिजिटल और युवा केंद्रित कॉन्क्लेव में मशहूर और युवाओं के चहेते प्लेबैक सिंगर जुबिन नौटियाल एवं प्रसिद्ध फ्यूजन बैंड कबीर कैफे की लाइव प्रस्तुतियों ने मैदान में मौजूद हजारों युवाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुरों की धुन और तालियों की गूंज से पूरा भोपाल उत्साह, उमंग और युवा ऊर्जा से सराबोर नजर आया।

