MP : 23 घंटे की जंग हार गया मासूम भागीरथ, रेस्क्यू जारी रहा, लेकिन जिंदगी नहीं बच सकी
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में बड़नगर तहसील स्थित एक गांव में गुरुवार शाम बोरवेल में गिरे ढाई वर्षीय भागीरथ को तकरीबन 23 घंटे की मशक्कत के बाद निकाल लिया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल में चिकित्सकों ने भागीरथ को मृत घोषित कर दिया। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुयश श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के दौरान बच्चा मृत पाया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने जा रहे हैं।
उज्जैन के जिलाधिकारी रोशन कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया था कि बच्चे को निकाल लिया गया है और उसे सिविल अस्पताल भेजा गया है। बच्चे की हालत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही सभी एजेंसियां सक्रिय हो गई थी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच बच्चे को बचाने के लिए सभी वैकल्पिक उपाय भी किए गए। बोरवेल से निकाले जाने के तत्काल बाद भागीरथ को एम्बुलेंस में रखकर अस्पताल ले जाया गया।
भागीरथ को बचाने के लिए पूरी रात बचाव अभियान चलाया गया और इस दौरान चट्टान के कारण खुदाई में काफी परेशानियां आई। इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि बोरवेल में कैमरा डालकर बच्चे की निगरानी की जा रही है और उसे ऑक्सीजन की आपूर्ति भी की जा रही है।
क्षेत्र का भूभाग पथरीला होने और बीच-बीच में चट्टान आने के कारण बचाव कार्य में अधिक समय लग रहा है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बच्चा करीब 60 से 65 फुट की गहराई में फंसा हुआ है और लगभग 40 फुट तक खुदाई करने के बाद चट्टान आ गई। उन्होंने बताया कि चट्टान तोड़ने के लिए भोपाल और इंदौर से मशीनें भी मंगवाई गई हैं।
यह हादसा उज्जैन से करीब 75 किलोमीटर दूर बडनगर तहसील के झलारिया गांव में गुरुवार शाम लगभग सात से साढ़े सात बजे के बीच हुआ। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जिला कमांडेंट संतोष जाट ने सुबह बताया था कि बच्चे को रेस्क्यू रोप की रिंग के माध्यम से ऊपर खींचने की कोशिश भी की जा रही है।
बचाव अभियान में एसडीआरएफ के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम भी जुटी हुई थी और इसके लिए करीब आधा दर्जन पोकलेन और जेसीबी मशीनों का उपयोग किया गया।
अधिकारी ने बताया कि बच्चे की पहचान राजस्थान निवासी प्रवीण देवासी के ढाई वर्षीय पुत्र भागीरथ के रूप में हुई है। प्रवीण भेड़ चराने का काम करते हैं। उन्होंने परिजनों के हवाले से बताया कि गुरुवार शाम परिवार के लोग भेड़ चरा रहे थे तभी एक भेड़ से बोरवेल पर रखा पत्थर खिसक गया। अधिकारी ने बताया कि पीछे से आ रहे भागीरथ ने जिज्ञासावश ढक्कन हटाकर बोरवेल में झांका तभी वह उसमें गिर गया।
भागीरथ के मामा ने पत्रकारों से कहा कि बच्चे की मां ने उसे बोरवेल में झांकते हुए देखा था, लेकिन जब तक वह वहां पहुंचती, बच्चा गिर चुका था। उन्होंने बताया कि प्रवीण देवासी राजस्थान के पाली जिले के गुडानला गांव के निवासी हैं और तीन दिन पहले ही परिवार के सदस्य यहां आए थे। अधिकारी ने बताया कि घटना के समय प्रवीण देवासी पाली जिले में गए हुए थे। प्रवीण के तीन बेटों में भागीरथ सबसे छोटा है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें