1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. रोमांस
  4. »
  5. प्रेम गुरु
  6. लिव इन रिलेशनशिप : सवालों के घेरे में

लिव इन रिलेशनशिप : सवालों के घेरे में

ऋतु सारस्वत

लिव इन रिलेशनशिप
ND
बीते दिनों लिव इन रिलेशनशिप यानी 'सहजीवन' का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आया, कारण दिल्ली की अदालत की वह टिप्पणी जिसमें 'लिव इन रिलेशनशिप' को ऐसी सनक बताया है जो सिर्फ शहरी इलाकों में ही देखी जा सकती है, इस टिप्पणी की पृष्ठभूमि 2008 में घटित वह घटना है जिसमें मिजोरम की रहने वाली एक युवती ने अपने 'लिव इन पार्टनर' की हत्या कर दी थी।

इस सत्य से इनकार नहीं किया जा सकता है कि भारतीय समाज एक संक्रमण के दौर से गुजर रहा है और इसने अगर किसी को सबसे अधिक प्रभावित किया है तो वह है 'मानवीय रिश्ते'। महानगरीय संस्कृति ने यूं तो 'लिव इन रिलेशनशिप' को स्वीकार कर लिया पर आज भी वह स्वयं एक प्रश्नचिह्न बनकर खड़ा है।

उच्चतम न्यायालय ने भले ही 15 जनवरी, 2008 को 'सहजीवन' संबंधों को वैधानिक स्वीकृति प्रदान कर दी परंतु पारंपरिक भारतीय समाज के ताने-बाने में, वह अपना आधार नहीं ढूंढ पा रहा है। कारण स्पष्ट है कि आज भी देश में विवाह संस्था मजबूत है।

'विवाह' दो विपरीत लिंगियों का कुछ सामाजिक व वैधानिक प्रक्रियाओं का निर्वहन करके साथ रहना ही नहीं है बल्कि दायित्वों का निर्वहन भी है जहां त्याग, समझौते एवं प्रेम के साथ-साथ समर्पण भी है पर आज की युवा संस्कृति संक्रमण, भौतिकवादी दृष्टिकोण और असीम महत्वाकांक्षाओं के ज्वार में बहकर महानगरों से लेकर छोटे शहरों तक में विवाह संस्था की नींव में सेंध लगा रही है।

युवा पीढ़ी अब बिना किसी समझौते, त्याग और दायित्व-निर्वाहन के उन्मुक्त बंधनहीन जीवन जीना चाहती है। यहां मसला सिर्फ युवा पीढ़ी की 'सोच' का ही नहीं बल्कि पारंपरिक वैवाहिक जीवन में बढ़ती जटिलताओं का भी है। अनेक कानूनी बाध्यताओं के चलते जहां पुरुष 'विवाह' के नाम से हिचकने लगे हैं, वहीं स्त्रियों के लिए विवाह एकतरफा दायित्व का निर्वहन है जहां सर्वाधिकार 'पुरुषों' के पास है और उनके हिस्से में अंतहीन दायित्व।

PR
अपने-अपने तथा कथित बंधनों को तोड़ने को आतुर युवा पीढ़ी को सहजीवन की राह सहज और आसान प्रतीत हुई - बिना यह विचारे कि प्रेम का आरंभ भले ही 'दैहिकता' से क्यों न हो परंतु वह हर क्षण समर्पण, त्याग और दायित्व निर्वहन की अपेक्षा करता है।

यहां सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यह है कि सहजीवन का रिश्ता सिर्फ वैधता का ही मामला है या फिर नैतिकता, सामाजिकता या मानसिकता के बदलाव का? रिश्ता कोई भी हो वह बिना 'सुरक्षा' की भावना के खोखला हो जाता है और यह सुरक्षा की भावना 'सहजीवन' के रिश्ते में नहीं है जिसका अभाव सहजीवन जी रहे जोड़ों को हर पल सालता रहता है।

'सहजीवन' के साथ एक विरोधाभास जुड़ा हुआ है कि एक ओर परंपरागत सोच-नियमों को दरकिनार करके पुरुष और स्त्री बिना विवाह किए एक साथ रहने का कदम उठाते हैं वहीं दूसरी ओर आर्थिक तौर पर 'स्त्री' का अपने पुरुष साथी पर निर्भरता और अलगाव की स्थिति में गुजारे भत्ते की मांग उन्हें उसी परंपरागत श्रेणी में ला खड़ा करती है, जिसे अस्वीकार कर उन्होंने 'सहजीवन' पद्धति को स्वीकारा था।

प्रश्न यहां यह नहीं है कि 'सहजीवन' कितना सही है या गलत, प्रश्न यह है कि युवा पीढ़ी 'रिश्तों के मायने' क्या समझती है? यह तय है कि समाज के बाह्य स्वरूप में चाहे कितना भी परिवर्तन क्यों न हो जाए परंतु रिश्तों को निभाने के लिए प्रेम और समर्पण हर काल में आवश्यक है। युवा पीढ़ी को यह समझना होगा कि शर्तों पर टिके रिश्तों का जीवन अल्पकालीन होता है।

इसमें दो राय नहीं कि 'विवाह' सर्वस्वीकार्य संस्था है और अगर वैवाहिक रिश्ते वर्चस्व की चाह को छोड़कर प्रेम और समानता की आधारभूमि पर खड़े हो जाएं तो संभव है कि 'सहजीवन' के प्रति युवा पीढ़ी का आकर्षण कम हो जाए और भविष्य में अनेक युवा जोड़े रिश्तों के टूटने के दर्द से बच सकें।