लव-मंत्र : एक साथी जो 'डिसेंट' हो
मानसी
FILE
अधिकतर लोग यह नहीं चाहते कि वह बदलाव के वाहक बनें। हां, उनके मन का विचार यदि वर्तमान का आम चलन बन गया है तो उसे अपनाने में उन्हें कोई हर्ज भी नहीं लगता। दरअसल, प्रचलित आदर्श स्थिति भी एक काल्पनिक सुख की कसौटी होती है जिस पर खरा उतरकर हर कोई संपूर्णता पाना चाहता है। पर अकसर उन्हें ढेर सारे अगर-मगर और झोल नजर आते हैं जहां कुछ भी उतना सुंदर, उतना करीने से सजा-सजाया नहीं मिलता है जिसकी कामना सभी पालकर बैठे होते हैं।
कई युवकों को युवतियों के बारे में एक धारणा होती है कि जो बेहद गंभीर व खामोश रहती हो, किसी ओर देखती नहीं हो, किसी से बात न करती हो, वह उसकी हो जाए। वह बस उसकी ओर देखे बातें करें और उसे प्यार करें। इस अवधारणा के कारण जब कोई वैसी युवती मिल जाती है तो वे उसे पाने के लिए व्याकुल हो उठते हैं। उन्हें लगता है बस यही आदर्श प्रेमिका व जीवनसाथी हो सकती है। इसमें किसी प्रकार की कोई नापसंद करने वाली कोई बात ही नहीं होगी।
वे सोचते हैं, प्रेमिका के लिए इससे उचित पात्र हो ही नहीं सकता। उस युवती की ओर से कोई सकारात्मक संकेत न मिलने पर वे अपना काम-काज छोड़कर दिन-रात इसी जुगाड़ में रहते हैं कि उसे आकर्षित करने का क्या उपाय किया जाए। कोई ऐसा मंत्र मिल जाए जिसके प्रभाव से वह तटस्थ मूर्ति में हलचल आ जाए।
FILE
सुशील जी, अव्वल तो यह प्यार नहीं केवल आकर्षण है। बिना संवाद बनाए, विचार जाने, किसी विशेष स्थिति में आपके अपेक्षित व्यवहार पर प्रतिक्रिया जाने, आपके लिए उसके मन में कितनी श्रद्धा व इज्जत है प्रेम नहीं हो सकता है। हो सकता है, आप सोच बैठे हों कि जब कभी उदास हों, परेशान हों तो उसकी आपके मनमाफिक वैसी प्रतिक्रिया होगी पर यदि वैसी प्रतिक्रिया नहीं हुई और वह बहुत आत्मकेंद्रित निकली तब भी क्या आपको वह उतनी ही प्यारी लगेगी।
FILE
लंबी दोस्ती के कारण बहुत से मोड़ आते हैं जब एक-दूसरे को परखने, जानने का मौका मिलता है। उस समय ही एक-दूसरे के प्रति जो धैर्यपूर्वक जवाबदेही का निर्वाह होता है, उससे संबंध में शक्ति आती है। प्रेम के भाव प्रगाढ़ होते हैं। यहां तक कि अंतरंग दोस्ती भी तभी तक निश्छलता से कायम रहती है जब उसमें संवेदनशीलता व सहायता का पुट हो।
इसलिए केवल मन ही मन प्रेम करना वास्तविकता से थोड़ा दूर है। आप अपने करियर पर ध्यान दें। उस पर तवज्जह न दें तो शायद वह खुद ही आपसे संवाद बना ले। पर अपना भविष्य बिगाड़कर किसी के पीछे पड़े रहना किसी भी प्रकार से सराहा नहीं जा सकता है। खासकर, वह तो कतई नहीं सराहेगी जिसके लिए आप यह सब कुछ कर रहे हैं। हर लड़की उसी लड़के को तरजीह देती है जिसकी अपनी भी गरिमा हो।

