बेटों के लिए भी जरूरी है शादी की सीख
भावना नेवासकर
ND
इसमें आईचा निरोप (मां का संदेश), सप्त पाऊली (सात फेरों का महत्व), बांगड्या (चूड़ियां), मंगलसूत्र आदि का भावनात्मक पहलू बताया जाता है। रुखवत को बहुत चाव से सब लोग पढ़ते हैं। पढ़ते-पढ़ते कुछ महिलाओं का मन पुरानी यादों में खो जाता है तो कुछ भावुक महिलाओं की आंखों में आंसू भी आ जाते हैं।
निरोप के अंतर्गत मां अपनी बेटी को समझाती है कि बेटी पति की आज्ञा का पालन करना, ससुर को पिता, सास को मां, ननद को बहन और देवर को भाई समान समझना आदि-आदि। बेचारी लड़की कितना कर पाएगी, कितना नहीं! और सामने वाला उनके प्रति कैसा व्यवहार रखेगा, ये अलग बात है। फिर भी लड़कियों को हिदायतें लिखकर जरूर दी जाती हैं।
सवाल यह उठता है कि लड़के के लिए ऐसी हिदायतें क्यों नहीं लिखी जातीं? क्या लड़का पहले से ही समझदार होता है? या फिर उसे इन सब रिश्तों को समझने की कोई जरूरत ही नहीं होती? सदियों से यही विचार चला आ रहा है कि लड़के को तो जमाई बनना है। उसे तो ससुराल में केवल मान सम्मान पाना है। वो अपने साले को साला ही समझे, उससे चाहे जितने काम करवाए या साली को आधी घरवाली समझे आदि-आदि।
चूंकि अब जमाना बदल रहा है और कुछ समझदार लड़कों का नजरिया भी... लेकिन क्या कभी ऐसा होगा कि कोई मां अपने बेटे के लिए भी निरोप लिखने का साहस कर पाएगी? बेटे की मां कभी बेटे को वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने के बाद नए रिश्तों के साथ कैसे एडजस्ट करना है, किस तरह से नए रिश्तों की जिम्मेदारी को निबाहना है, ये सब सिखा पाएगी! कभी कोई मां बेटे को ये समझा पाएगी कि- बेटा सास-ससुर को मां-पिता, साले को भाई और साली को बहन समान मानना। अपनी पत्नी और उसके परिवार को भी अपना ही परिवार समझना, उनके सुख-दुख में भी उनके साथ रहना आदि।
ND
ऐसे में एक पहिए को यदि सारे कर्तव्य वहन करने, रिश्ते निबाहने की हिदायतें दी जाएं तो दूसरे पहिए अर्थात लड़के को भी तो कुछ हिदायतों की जरूरत होती है। जिस तरह एक लड़की बहू से बेटी बनने की कोशिश करती है, उसी तरह लड़के को भी जमाई से बेटा बनने की कोशिश करना चाहिए। तब जो मान और प्यार उसे मिलेगा, वह दिल से मिलेगा और शायद बेटी से भी ज्यादा मिलेगा।

