1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. रोमांस
  4. »
  5. प्रेम गुरु
  6. कितना गहरा है आपका प्यार
Written By ND

कितना गहरा है आपका प्यार

लव-मंत्र

प्यार की गहराई लव इश्क प्रेम प्यार मोहब्बत
- मानस
ND
हेलो दोस्तो! शायद इंसान जितना प्यार पाने के लिए बेकरार रहता है, उससे भी ज्यादा वह इस बात के लिए बेताब रहता है कि कोई सुपात्र यानी डिजर्विंग केंडिडेट उसे मिले जिसे वह प्यार दे सके। दूसरों पर अपना स्नेह लुटाने की ललक इतनी प्रबल होती है कि मनमाफिक पात्र न मिलने पर वह किसी जानवर, विचार या किसी शौक से ही दिल लगा बैठता है। और, देखते ही देखते उसका स्नेह या प्यार लुटाने की चाहत एक लत की भाँति हो जाती है।

यूँ तो प्यार लुटाना कभी भी वन वे नहीं होता पर कई बार दोनों की चाहत की डिग्री में बेइंतहा फर्क होता है। फ्रेंडशिप, हेल्प और फीलिंग्स से आगे बढ़ते हुए प्यार के रिश्ते में एक व्यक्ति कब बहुत आगे निकल जाता है यह खुद उसे भी मालूम नहीं होता। वह जितना ज्यादा उसकी परवाह करता है, उसकी खुशी चाहता है, उसी अनुपात में उसी प्रकार उसकी एक्सपैक्टेशन के पूरा नहीं होने पर दुख, बदला, घुटन और पीड़ा उसके जीवन का हिस्सा बन जाते हैं।

किसी भी रिश्ते को निभाने के पीछे जो सबसे बड़ा मकसद होता है, वह है खुशी व सेटिस्फेक्शन। दूसरे को खुश करने के लिए कई बार एक व्यक्ति अपनी इच्छाओं की कुर्बानी देता है। इस प्रकार के त्याग कर उसे कष्ट से ज्यादा राहत मिलती है, खुशी मिलती है। यूँ तो ये सभी प्रयास एक खूबसूरत अहसास कराते हैं, मगर बहुत दिनों तक नहीं।

कुछ समय के बाद ऐसे रिश्ते खुशी के बजाय दुख व पीड़ा का अहसास कराने लगते हैं। खुशी के लम्हे की तुलना में शिकायतों व उदासियों के दिन लंबे होते जाते हैं। तब ऐसे रिश्तों का क्या करना चाहिए। आइए, पहले तो ये जानें कि जिन्हें आप प्यार करते हैं उन्हें भी आपसे उतना ही प्यार, सरोकार है या नहीं?

ND
क्या अपने साथी या दोस्त को संपर्क करने का जिम्मा आपने ही ले रखा है? फोन, मेल, एसएमएस या अन्य तरीके से संपर्क करने की पहल बार-बार आप ही करते हैं। अगर हाँ, तो यह जाँचें कि कितने दिनों तक आप संपर्क न करें तो आपका-आपकी दोस्त या साथी बिना संपर्क किए रह लेता है। अगर जवाब यह है कि हफ्तों, महीने हो जाएँ फिर भी सामने वाला कॉन्टैक्ट नहीं करेगा। तो, मामला नाजुक है, आपको अलर्ट हो जाना चाहिए। इस रिश्ते पर पुनः विचार करने की जरूरत है।

आपको याद करने की आवश्यकता आन पड़ी है कि सभी खास मौके पर कौन संपर्क करता है या पहल करता है। आपके बीमार पड़ने पर उस व्यक्ति ने आपके लिए कितना समय निकाला। आप यदि अकेले या अकेली हैं तो आपके खाने व दवाई आदि से संबंधित उसने क्या चिंता दिखाई और अरेंजमेंट किया। आपकी खुशी के ओकेजन पर उसकी खुशी कितनी स्वाभाविक थी और आपको उस खुशी का अहसास कराना उसके लिए कितना मायने रखता था।

किसी खुशी के अवसर पर आपको भी शामिल करने की उसकी क्या जद्दोजहद होती है। किसी समारोह में आपकी पसंद की चीज देखकर आपके न होने का दुख क्या वह प्रकट करता या करती है। क्या उसे आपकी पसंद के बारे में ध्यान रहता है और वह वैसी चीज देखकर उसके बारे में आपसे डिस्कस करता हो। क्या किसी की कोई चीज पसंद आने पर उसे कसक होती है कि वह आपके लिए भी वैसा कर पाए।

क्या वह जाने-अनजाने सबके सामने आपका जोक तो नहीं बनाता है या आपको हास्यास्पद स्थिति में डाल देता हो। आपकी या आपसे जुड़े लोगों को वह रिस्पेक्ट न देता हो। आपकी वीकनेस को बार-बार याद दिलाता हो ताकि आपकी अन्य क्वॉलिटीज को दबाया जा सके। क्या आपकी नकारात्मक प्रवृत्तियों की ही समीक्षा होती रहती है?

किसी भी रिश्ते को निभाने के पीछे जो सबसे बड़ा मकसद होता है, वह है खुशी व संतुष्टि। दूसरे को खुश करने के लिए कई बार एक व्यक्ति अपनी इच्छाओं की अनेक प्रकार की कुर्बानी देता है।
यदि ज्यादातर सवालों के जवाब हाँ में हैं तो आपको निश्चित ही इस रिश्ते की जाँच-पड़ताल की जरूरत है। हो सकता है, आप तात्कालिक रिश्ते को लंबे समय तक चलने वाले रिश्ते के रूप में देख रहे हों। इस मिसअंडरस्टैंडिंग को दूर करना निहायत जरूरी है। वही रिश्ते लंबे चल सकते हैं जहाँ दोनों ओर समान टाइम और एफर्ट्स किए जाएँ। त्याग व कुर्बानियों का भार दोनों पर हो। एक के दुख से दूसरे को सही मायने में चोट पहुँचती हो।

किसी की वाजिब शिकायत को समझने और दूर करने की दिली ख्वाहिश हो। ऐसे रिश्ते ही लंबे सफर की शक्ति रखते हैं वरना केवल एक व्यक्ति की यह महज खाली आकांक्षा भर है जिसका भविष्य सिवाय दुविधा, दुख, पीड़ा और अंततः अपमान के सिवा कुछ नहीं है।

हाँ, जिन लोगों को भी अपने रिलेशन में जरा भी डाउट है वह अवश्य ही कुछ दिनों के लिए ठंडे पड़ जाएँ और सामने वाले की पहल का इंतजार करें। उसके प्रयास गंभीरता, समय आदि को देखते हुए ही अपना अगला स्टेप उठाएँ। यदि सामने वाला असफल है तो बेटर होगा कि यहाँ से लौट जाएँ।

लव-मंत्र में आप किस तरह का मंत्र चाहते हैं, हमें लिख भेजिए। हमारा ईमेल आईडी है: [email protected]
लेखक के बारे में
ND