होमस्टे खोल रहे हैं उत्तराखंड में घर वापसी का रास्ता
प्रभाकर मणि तिवारी
उत्तराखंड से रोजगार के लिए बड़े पैमाने पर होने वाले पलायन और खाली होते गांवों की खबरें अक्सर सुर्खियों में रही हैं। लेकिन अब राज्य में तेजी से बढ़ता होमस्टे मॉडल इस पर अंकुश लगा कर लोगों की घर वापसी का रास्ता खोल रहा है।
दूरदराज के गांवों और कस्बों में होमस्टे की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार ने भी इसे बढ़ावा देने की योजनाएं शुरू की हैं और इसके सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं। इससे प्रकृति की गोद में शांति के साथ समय बिताने के इच्छुक पर्यटक भी आकर्षित हो रहे हैं। होटलों की बजाय ऐसी जगहों को तरजीह मिल रही है।
गढ़वाल इलाके के सबसे बड़े शहर उत्तरकाशी में हिल ड्यू होमस्टे चलाने वाले युवा उद्यमी अखिल पंत डीडब्ल्यू से कहते हैं, "हाल के दिनों में होमस्टे मॉडल देशी-विदेशी पर्यटकों में बेहद लोकप्रिय हो रहा है। इसके साथ ही बरसों पहले रोजगार की तलाश में पलायन करने वाले लोग भी अब शहरों में बेहतरीन नौकरियां और भारी-भरकम पैकेज छोड़ कर अपनी जड़ों की ओर लौट रहे हैं।"
पंत के होमस्टे को राज्य के सर्वश्रेष्ठ होमस्टे का अवार्ड भी मिल चुका है। वो बताते हैं कि होमस्टे मॉडल पर्यटकों और स्थानीय उद्यमियों दोनों के लिए काफी मुफीद है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है और अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है। पंत कहते हैं, "अगर हमें अपनी जन्मभूमि पर ही रोजगार मिल जाए तो इससे बढ़िया क्या हो सकता है। कोई भी जानबूझकर अपनी जड़ों से नहीं उखड़ना चाहता।"
हर्षिल घाटी के बगोरी गांव में एक होमस्टे मालिक देवदत्त उनियाल डीडब्ल्यू को बताते हैं, "मैंने चार साल पहले अपने पुराने घर में पांच कमरों का एक होमस्टे खोला था। अब साल के दस महीने यहां देशी-विदेशी पर्यटक भरे रहते हैं। इससे गांव के कई लोगों को रोजगार तो मिला ही है, स्थानीय व्यापारियों को भी फायदा हो रहा है।"
क्या कहते हैं सरकारी आंकड़े?
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास, ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों के पर्यटन में बढ़ती दिलचस्पी और सरकार की सब्सिडी योजना की वजह से हाल के वर्षों में करीब सात हजार लोगों ने अपने गांव लौट कर होमस्टे शुरू किए हैं। फिलहाल राज्य में साढ़े पांच हजार से ज्यादा पंजीकृत होमस्टे हैं। पर्यटन विभाग के एक अधिकारी ने डीडब्ल्यू को बताया कि राज्य की जीडीपी में पर्यटन का हिस्सा करीब 15।45 फीसदी है।
राज्य में लौटने वाले लोग अपने पुराने तालाबंद घरों का पुननिर्माण कर रहे हैं या फिर अपनी खाली जमीन पर होमस्टे बना रहे हैं।
उत्तराखंड के पर्यटन सचिव धीरज सिंह गरब्याल ने हाल में राजधानी देहरादून में पत्रकारों से बातचीत में बताया था कि होमस्टे मॉडल की सफलता से प्रेरित होकर लोग कई ऐसे गांवों में भी लोग लौट रहे हैं जो दशकों से वीरान पड़े थे। मिसाल के तौर पर उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी ब्लाक में करीब 13 हजार फीट की ऊंचाई पर बसा दुर्गम व सीमावर्ती गांव जादूंग वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के समय ही वीरान हो गया था। वहां के लोगों को हर्षिल घाटी के बगोरी में बसाया गया था। गांव में मकानों के मालिकाना हक असली मालिक के पास थे। अब सरकार वहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए छह पुराने घरों को पुनर्निर्माण करा रही है।
सब्सिडी योजना से फायदा
अखिल पंत बताते हैं, "दीनदयाल उपाध्याय होमस्टे विकास योजना के तहत सरकार से एकमुश्त 30 लाख रुपये तक मिलते हैं। इसमें से आधा यानी 15 लाख तक सब्सिडी के तौर पर मिलते हैं। यह सहायता उसी को मिलती है जिसके पास अपना मकान है और वह एक से छह कमरों तक का होमस्टे बनाने की योजना हो।"
सरकारी आंकड़े बताते हैं कि इस योजना के तहत अब तक 537 लोगों को करीब 80 करोड़ की रकम दी जा चुकी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत बैंकों से आसान शर्तों पर कर्ज की भी व्यवस्था है।
लेकिन आखिर पर्यटक होटल की बजाय होमस्टे को क्यों तरजीह दे रहे हैं? इसका जवाब है शांत माहौल और घर जैसा खाना। अखिल पंत कहते हैं कि ज्यादातर पर्यटन शहरों की भीड़-भाड़ से बच कर चैन और सुकून की तलाश में पहाड़ पर आते हैं। होमस्टे में उनको वो तमाम सुविधाएं मिलती हैं जो वो चाहते हैं। चाहे घर जैसा माहौल हो या फिर स्थानीय भोजन। इसके साथ ही यह होटलों के मुकाबले सस्ता भी है।
उत्तराखंड के होमस्टे में हमारी मुलाकात बांकुड़ा जिले से आने वाले शिवदास गोस्वामी से हुई। वो तीन दिनों से यहां रह रहे थे और यहीं से गंगोत्री और हर्षिल घाटी घूमते रहे। गोस्वामी ने डीडब्ल्यू को बताया, "होटलों का माहौल मुझे पसंद नहीं है। सुविधाएं और लक्जरी भले ज्यादा मिले, यहां जो सुकून है वो किसी होटल में नहीं मिल सकता।"
गंगोत्री-केदारनाथ मार्ग पर घनसाली कस्बे में हाईवे के किनारे बने सनसाइन होमस्टे को एक महिला अपने पति के साथ मिल कर चलाती है। पहली मंजिल पर रहने के कमरे हैं और नीचे खाने-पीने की सुविधा। केदारनाथ जाते हुए श्रद्धालु अक्सर इस जगह को चुनते हैं। पटना से रात को यहां पहुंचे एक परिवार के मुखिया देवेंद्र कुमार बताते हैं, "होमस्टे में रहने का जो आनंद है वो होटल में नही मिल सकता। हाईवे पर होने की वजह से सुबह आगे के सफर पर निकलना भी आसान है। इसके अलावा यह जेब पर भी भारी नहीं पड़ता।"
उस इलाके में कोई भी होटल दो हजार रुपये प्रति दिन से कम पर उपलब्ध नहीं है लेकिन होमस्टे में एक हजार में बेहतर कमरे मिल जाते हैं। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा और दूसरे दुर्गम स्थानों पर पर्यटकों की लगातार बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए आने वाले कुछ वर्षों में होमस्टे मॉडल के कारण राज्य के वीरान गांवों के एक बार फिर आबाद होने की उम्मीद बढ़ गई हैं।

