1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़कर विराट कोहली बने भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान

Virat Kohli | महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़कर विराट कोहली बने भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान

Virat Kohli
किंगस्टन। वेस्टइंडीज को 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से हराकर आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप की सिरमौर बनने वाली भारतीय टीम के लिए कप्तान विराट कोहली ने एक और मील का पत्थर स्थापित कर डाला। वे भारत के सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भी पीछे छोड़ दिया है।
 
विराट की कप्तानी में भारत की टेस्ट मैचों में 28वीं जीत है। कोहली ने महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा जिनकी अगुआई में भारत ने 27 टेस्ट जीते थे। भारतीय टीम के लिए यह जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि इस सीरीज के साथ ही आईसीसी की टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत हुई है।
 
भारत ने पहला टेस्ट मैच जीतने के साथ ही आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के 60 अंक अर्जित किए थे। दूसरा टेस्ट जीतने के कारण भारत को इतने ही अंक मिले। इस तरह वह अंक तालिका में टॉप पर है। न्यूजीलैंड इस अंक तालिका में 2 टेस्ट मैच में से 1 मैच जीतकर 60 अंकों के साथ दूसरे व श्रीलंका 60 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
 
ऑस्ट्रेलिया 32 अंकों के साथ चौथे, इंग्लैंड 32 अंकों के साथ 5वें और वेस्टइंडीज बगैर अंक लिए 6ठी पायदान पर है। आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप 2021 तक चलेगी और शीर्ष 2 टीमें फाइनल खेलेंगी।
एक समय विश्व क्रिकेट के सिरमौर रहे वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत लगातार 8वीं टेस्ट श्रृंखला जीतने में सफल रहा। भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज को उसी घर में सोमवार को 257 रनों से खदेड़ दिया। पहली पारी में नाबाद 111 और दूसरी पारी में नाबाद 523 रन बनाने वाले हनुमा विहारी को 'मैन ऑफ द मैच' घोषित किया गया।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज को 257 रनों से हराकर भारत ने 2-0 से सीरीज जीतकर रचा इतिहास