भारत ने 72 रनों से जिम्बाब्वे को हराकर किया टी-20 विश्वकप से बाहर
INDvsZIM भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराकर टी-20 विश्वकप की सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया। भारत द्वारा दिए गए 257 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य को जिम्बाब्वे ने पाने में हिम्मत दिखाई। उनके सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 56 गेंदो में 97 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम ने 184 रन बनाए।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। जिम्बाब्वे की यह दूसरी हार है और वह टी-20 विश्वकप से बाहर हो गई है। हालांकि उसे अपना आखिरी मैच दक्षिण अफ्रीका से खेलना है। वहीं भारत का अंतिम मैच वेस्टइंडीज से होगा जिसका विजेता सेमीफाइनल में प्रवेश करेगा।
257 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट और टी मारूमानी की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। सातवें ओवर में अक्षर पटेल ने टी मारूमानी (20) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 10वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने डिओन मेयर्स (छह) को अपना शिकार बना लिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये सिकंदर रजा ने ब्रायन बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। 17वें ओवर में अर्शदीप ने सिकंदर रजा को बाउंड्री पर कैच आउट कराकर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। सिकंदर रजा ने 21 गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 31 रन बनाये।
इसी ओवर की चौथी गेंद पर रायन बर्ल (शून्य) को पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। 19वें ओवर में अर्शदीप ने टोनी मुनयोंगा (11) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। 20वें ओवर में शिवम दुबे ने ताशिंगा मुसेकिवा (सात) को आउट किया। जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 184 रन ही बना सकी और भारत ने 72 रनों यह मुकाबला जीत लिया। ब्रायन बेनेट ने 59 गेंदों में आठ चौके और छह छक्के लगाते हुए नाबाद 97 रनों की पारी खेली।
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें