1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Asia Cup to be held in Sri Lanka or UAE as per predetermined schedule: PCB

श्रीलंका या यूएई में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा एशिया कप : PCB

Sri Lanka
कराची। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ वसीम खान ने कहा है कि इस साल एशिया कप का आयोजन श्रीलंका या संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। खान ने इन अटकलबाजियों को खारिज कर दिया कि वर्तमान में निलंबित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आयोजन के लिए एशिया कप को रद्द किया जा सकता है। 
 
उन्होंने कहा कि एशिया कप का आयोजन होगा। पाकिस्तान की टीम 2 सितंबर को इंग्लैंड से लौटेगी और हम सितंबर या अक्टूबर में टूर्नामेंट का आयोजन कर सकते हैं। खान ने कहा कि कुछ चीजें सही समय पर ही स्पष्ट हो पाएंगी। हमें एशिया कप के आयोजन की उम्मीद है, क्योंकि श्रीलंका में कोरोना वायरस के बहुत अधिक मामले नहीं हैं। अगर वे इसका आयोजन नहीं कर सकते हैं तो फिर यूएई तैयार है। 
 
इस टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान को मिली है। खान ने कहा कि पाकिस्तान अगली क्षेत्रीय प्रतियोगिता के बदले एशिया कप को श्रीलंका में आयोजित करने पर सहमत हो गया है। उन्होंने इसकी भी पुष्टि की पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड टी-20 विश्व कप का आयोजन नहीं होने की दशा में अक्टूबर-नवंबर में क्रिकेट श्रृंखला खेलने के विकल्पों पर काम कर रहा है। 
 
खान ने कहा कि हमें दिसंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाना है और उससे पहले जिम्बाब्वे की मेजबानी करनी है। दक्षिण अफ्रीका 2 या 3 टेस्ट और कुछ टी-20 मैचों के लिए जनवरी-फरवरी में पाकिस्तान का दौरा करने के लिए तैयार है। (भाषा) 

फोटो साभार ट्विटर
अगला लेख
पाकिस्तान के 7 और क्रिकेटर Coronavirus की चपेट में