• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. जम्मू-कश्मीर न्यूज़
  4. hizbul terrorist talib arrested in bangluru
Written By
Last Modified: मंगलवार, 7 जून 2022 (14:57 IST)

बेंगलुरु से गिरफ्तार हुआ हिजबुल आतंकी तालिब, टारगेट किलिंग से क्या है कनेक्शन?

killingsinkashmir
बेंगलुरु। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बेंगलुरु से हिजबुल मुजाहदिन के आतंकी तालिब हुसैन को गिरफ्तार किया है। इस कुख्यात आतंकी को कश्मीर घाटी में प्रवासियों और हिंदुओं की टारगेट किलिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
 
मीडिया खबरों के अनुसार, तालिब हुसैन जम्मू के किश्तवाड़ जिले के राशग्वारी का रहने वाला है। वह 2016 में आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हुआ था। तालिब हुसैन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ जम्मू-कश्मीर से कर्नाटक भाग गया था। 5 जून को उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया।
 
तालिब ने बेंगलुरु की श्रीरामपुरा की एक मस्जिद में शरण ली हुई थी। वह जुमे की नमाज के दौरान धार्मिक उपदेश दिया करता था।
 
कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने समाचार एजेंसी एनआई से कहा कि राहुल भट की हत्या में 2 आतंकवादी शामिल थे। उनमें से एक को ढेर कर दिया गया है, एक बचा है, हम उसके पीछे हैं। अमरीन भट की हत्या के मामले में, 2 आतंकवादियों की पहचान की गई थी। दोनों को मार दिया गया है। राजस्थान निवासी बैंक कर्मी विजय कुमार बेनीवाल की हत्या में शामिल आतंकवादियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें भी बहुत जल्द गिरफ्तार या निष्प्रभावी कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें
DMK नेता के बिगड़े बोल, हिंदी अविकसित लोगों की भाषा, यह हमें शूद्र बनाएगी