Cyber Fraud Alert : सोशल मीडिया पर दिख रहे इन खतरनाक ऐप्स से रहें सावधान, एक गलती से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट
सोशल मीडिया पर दिखने वाले हर विज्ञापन या लिंक पर क्लिक करना भारी पड़ सकता है। राष्ट्रीय साइबर अपराध खतरा विश्लेषण इकाई (NCTAU) ने सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए फैलाए जा रहे संदिग्ध पॉर्नोग्राफी ऐप्स को लेकर चेतावनी जारी की है। इन ऐप्स के जरिए साइबर अपराधी मोबाइल फोन का नियंत्रण हासिल कर वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दे सकते हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के साइबर अपराध रोधी तंत्र I4C के तहत काम करने वाली NCTAU के मुताबिक, Facebook और Instagram पर कुछ संदिग्ध ऐप्स के विज्ञापन या लिंक दिखाए जा रहे हैं। इनमें नाइट प्ले, रीलूप, किस, वीमो, रिवो, नेक्सो और विक्सा जैसे नामों से प्रचारित किए जा रहे ऐप शामिल हैं।
कैसे फंसाते हैं साइबर अपराधी?
ऐसे विज्ञापनों पर क्लिक करने के बाद यूजर को ऐसी वेबसाइट पर भेजा जाता है, जहां अश्लील सामग्री दिखाने का दावा किया जाता है। इसके बाद यूजर को Google Play Store के बाहर से APK फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करने के लिए प्रेरित किया जाता है। यही गलती आपके मोबाइल और बैंकिंग सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
ऐप इंस्टॉल करते ही मांगते हैं खतरनाक Permission
NCTAU के अनुसार, ऐप इंस्टॉल होने के बाद ऐसी अनुमतियां मांगी जा सकती हैं, जिनके जरिए ऐप को डिवाइस पर अतिरिक्त एप्लिकेशन इंस्टॉल करने और फोन की पहुंच का गलत इस्तेमाल करने की क्षमता मिल जाती है। इसके बाद साइबर अपराधी फोन का नियंत्रण हासिल कर सकते हैं और इसका इस्तेमाल अनधिकृत वित्तीय लेनदेन के लिए किया जा सकता है।
कुछ मामलों में ये ऐप VPN भी इंस्टॉल कर सकते हैं, जिसका इस्तेमाल इंटरनेट गतिविधि की लोकेशन बदलने या संदिग्ध गतिविधियों को छिपाने के लिए किया जा सकता है।
फोन से ऐप हटाना भी हो सकता है मुश्किल
सबसे गंभीर खतरा यह है कि कुछ दुर्भावनापूर्ण ऐप यूजर को सामान्य Device Settings के जरिए उन्हें हटाने से रोक सकते हैं। इससे पीड़ित के लिए फोन पर दोबारा नियंत्रण हासिल करना मुश्किल हो सकता है।
अगर गलती से APK डाउनलोड कर लिया तो क्या करें?
1. इंटरनेट कनेक्शन तुरंत बंद करें
Wi-Fi और Mobile Data को अस्थायी रूप से बंद कर दें।
2. संदिग्ध ऐप की Permissions चेक करें
खासकर Accessibility, Device Admin, VPN और अन्य संवेदनशील permissions को देखें।
3. अनजान ऐप को हटाने की कोशिश करें
जिस ऐप को आपने खुद इंस्टॉल नहीं किया या पहचानते नहीं हैं, उसे डिवाइस से हटाएं।
4. बैंक और UPI तुरंत चेक करें
अपने बैंक अकाउंट, UPI और कार्ड से जुड़े लेनदेन की जांच करें।
5. संदिग्ध लेनदेन दिखे तो तुरंत बैंक से संपर्क करें
देरी होने पर वित्तीय नुकसान बढ़ सकता है।
6. Google Play Protect चालू रखें
Android फोन में Play Protect को बंद न करें।
7. फोन का Software Update करें
Android और सुरक्षा अपडेट हमेशा नवीनतम रखें।

