YouTube Creators की बल्ले-बल्ले, Amazon के साथ शुरू हुआ नया Affiliate फीचर, वीडियो से होगी अतिरिक्त कमाई
YouTube ने कंटेंट क्रिएटर्स के लिए कमाई का एक और रास्ता आसान कर दिया है। कंपनी ने Amazon के साथ साझेदारी करते हुए अपने Shopping Affiliate Program में बड़ा अपडेट किया है। फिलहाल यह सुविधा अमेरिका में रहने वाले क्रिएटर्स के लिए उपलब्ध है। इसके तहत क्रिएटर्स अब अपने YouTube Shorts, लंबे वीडियो और Livestreams में Amazon के प्रोडक्ट्स को टैग कर सकेंगे।
इस फीचर की मदद से वीडियो देखने वाले यूजर्स को वीडियो में दिखाए या सुझाए गए प्रोडक्ट को खोजने के लिए अलग से Amazon पर जाने की जरूरत नहीं होगी। वे YouTube पर ही प्रोडक्ट को देख सकेंगे और उस पर क्लिक करके सीधे खरीदारी कर सकेंगे। वहीं, क्रिएटर को इस खरीदारी से Affiliate Commission मिल सकेगा। गैजेट और फैशन क्रिएटर्स को होगा खास फायदा
YouTube का यह नया फीचर खास तौर पर Gadget Reviewers, Fashion Creators, Beauty Experts और Product Recommendation Creators के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। अब क्रिएटर जिस प्रोडक्ट की अपने वीडियो में सिफारिश करेंगे, उसे सीधे वीडियो के साथ टैग कर सकेंगे। इससे दर्शकों को प्रोडक्ट ढूंढने में आसानी होगी और क्रिएटर्स को अपने कंटेंट से अतिरिक्त कमाई का मौका मिलेगा।
कौन कर सकेगा Amazon Product Tagging?
YouTube के मुताबिक, Amazon के प्रोडक्ट टैग करने के लिए क्रिएटर का YouTube Partner Program (YPP) और YouTube Shopping Affiliate Program दोनों में शामिल होना जरूरी है। इसके अलावा क्रिएटर के Amazon Influencer या Amazon Associates अकाउंट को उसके YouTube चैनल से लिंक होना चाहिए। पात्र क्रिएटर्स YouTube Studio में मौजूद Product Picker के जरिए अपने वीडियो में Amazon के प्रोडक्ट टैग कर सकेंगे।
यह सुविधा Shorts, सामान्य वीडियो और Livestreams तीनों तरह के कंटेंट में इस्तेमाल की जा सकती है।
YouTube का Auto-Tagging फीचर भी मिलेगा
क्रिएटर्स का काम आसान करने के लिए YouTube ने Auto-Tagging का विकल्प भी दिया है। यह फीचर हाल ही में अपलोड किए गए वीडियो को स्कैन करके ऐसे प्रोडक्ट्स की पहचान कर सकता है जिन्हें टैग किया जा सकता है। अगर किसी क्रिएटर को जरूरी प्रोडक्ट लिस्ट में नहीं मिलता है, तो वह Creator Support से मदद ले सकता है।
विदेशों से होने वाली खरीदारी पर भी कमाई
YouTube के इस अपडेट की खास बात यह है कि क्रिएटर की कमाई सिर्फ अमेरिकी दर्शकों तक सीमित नहीं रहेगी। यदि कोई दर्शक अमेरिका के बाहर से वीडियो देख रहा है, तो YouTube उसे स्थानीय और भरोसेमंद मर्चेंट से जोड़ने की कोशिश करेगा। अगर स्थानीय विकल्प उपलब्ध नहीं होता है, तो दर्शक को Amazon का अमेरिकी पेज या संबंधित क्षेत्र का विकल्प दिखाया जा सकता है।
YouTube Studio में दिखेगी कमाई
क्रिएटर्स YouTube Studio Analytics के जरिए Product Clicks और Estimated Revenue को ट्रैक कर सकेंगे। Amazon द्वारा कमाई को अंतिम रूप देने के बाद भुगतान सामान्य AdSense अकाउंट के जरिए किया जाएगा। भुगतान मासिक आधार पर होगा। उदाहरण के तौर पर जनवरी में हुई कमाई का भुगतान मार्च के पेआउट में दिखाई दे सकता है।
प्रोडक्ट वापस करने पर कम हो सकती है कमाई
Affiliate Commission से जुड़ा एक महत्वपूर्ण नियम भी है। यदि कोई दर्शक क्रिएटर के लिंक के जरिए खरीदा गया प्रोडक्ट बाद में वापस कर देता है, तो उस खरीदारी से मिली कमीशन राशि क्रिएटर के बैलेंस से काटी जा सकती है। यदि इससे बैलेंस निगेटिव हो जाता है, तो भविष्य में होने वाली कमाई से उस राशि की भरपाई की जाएगी।
YouTube के नियमों का पालन जरूरी
YouTube ने स्पष्ट किया है कि प्रोडक्ट टैगिंग करने वाले क्रिएटर्स को उसके Product Tagging Rules, Community Guidelines और Paid Promotion Disclosure से जुड़े नियमों का पालन करना होगा कुल मिलाकर, Amazon के साथ यह इंटीग्रेशन उन YouTubers के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है जो अपने वीडियो में नियमित रूप से प्रोडक्ट्स की सिफारिश करते हैं। अब दर्शक वीडियो से सीधे प्रोडक्ट तक पहुंच सकेंगे और क्रिएटर्स को अपने कंटेंट से Affiliate Income का एक अतिरिक्त जरिया मिलेगा।

