विराट कोहली के शानदार नाबाद शतक से बैंगूलूरू की कोलकाता पर जीत
RCBvsKKRविराट कोहली (नाबाद 105) की दमदार शतकीय पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगुलरु ने बुधवार को बारिश के कारण 75 मिनट देर से शुरु हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल ) 2026 के 57वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स पर पांच गेंदें शेष रहते छह विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही आरसीबी फिर से अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गयी है।
193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के लिए जेकब बेथेल और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। चौथे ओवर में कार्तिक त्यागी ने जेकब बेथेल (15) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये देवदत्त पड़िक्कल ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट लिए 92 रन जोड़कर अपनी टीम को जीत की राह दिखाई।
14वें ओवर में कार्तिक ने पड़िक्कल को आउट कर पवेलियन भेज दिया। पड़िक्कल ने 27 गेंदों में सात चौके लगाते हुए 39 रन बनाये। 16वें ओवर में सुनील नारायण ने कप्तान रजत पाटीदार (11) का शिकार कर लिया। 18वें ओवर की पांचवी गेंद पर कार्तिक त्यागी ने (दो) को मनीष पांडे के हाथों कैच आउट कराकर अपना तीसर विकेट लिया। 19वें ओवर में विराट कोहली ने अपना नौवां आईपीएल शतक जड़ा। उन्होंने 58 गेंदों में 10 चौके और तीन छक्के लगाते हुए अपना शतक पूरा किया। यह केकेआर के खिलाफ उनका दूसरा शतक है।
इस दौरान कोहली ने टी-20 में 409 पारियों में सबसे तेज 14 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गये। उन्होंने क्रिस गेल के 423 पारियों के रिकार्ड को तोड़ा। आरसीबी ने 19.1 ओवर में 194 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। विराट कोहली ने 60 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 105 रनों की मैच विजयी पारी खेली। जितेश शर्मा आठ रन बनाकर नाबाद रहे।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें