37 लाख रुपए का कर्ज चुकाने से बचने के लिए बदला हुलिया
Publish Date: Sun, 30 Jul 2017 (19:57 IST)
Updated Date: Sun, 30 Jul 2017 (19:59 IST)
बीजिंग। चीन में 59 वर्षीय एक महिला ने 37 लाख 10 हजार रुपए का कर्ज चुकाने से बचने के लिए प्लास्टिक सर्जरी करा कर अपना हुलिया बदल लिया।
हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान की एक अदालत ने झू नाजुआन को इस वर्ष की शुरुआत में दो करोड़ 50 लाख युआन का कर्ज चुकाने के लिए कहा था। इसके बाद झू ने प्लास्टिक सर्जरी करवा ली और गायब हो गई।
चीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक जुलाई में पता चला कि झू चीन के दक्षिणी शहर शेनझेन में है जहां पुलिस अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया और वे उसके नए रूप को देख कर चकित रह गए।
एक पुलिसकर्मी ने बताया, ‘हम उसे देखकर बहुत हैरान हुए। वह 30 साल की लग रही थी और हमारे पास जो तस्वीरें हैं उससे काफी अलग लग रही थीं।’
झू ने स्वीकार किया कि उसने ट्रेन की टिकटें खरीदने के लिए लोगों के आईडी कार्ड का इस्तेमाल किया और अपनी नई पहचान को पुख्ता करने के लिए बैंक कार्ड लिए। हाल ही में वुहान के न्यायिक अधिकारियों ने कर्ज चुकाने से बचने वाले लोगों पर कार्रवाई शुरू की है। (भाषा)